ललितपुर। डीएम अन्नावि दिनेश कुमार ने कहा कि अस्पतालों में सुविधा शुल्क मांगने की शिकायतें मिल रही हैं। यदि ऐसी शिकायतों की पुष्टि हुई तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीएमओ, डिप्टी सीएमओ और एमओआईसी को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग के ऐसे चिकित्सक और कर्मचारी हैं, जिनका कार्य संतोषजनक नहीं है, उनके खिलाफ चेतावनी जारी करें। वह बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई जिला स्वास्थ्य समिति की शासी निकाय की बैठक में बोल रहे थे।
सीएमओ ने बताया कि जननी सुरक्षा योजना के तहत 20 अगस्त तक 8078 प्रसव हुए थे, जिसके सापेक्ष 6808 लाभार्थियों का भुगतान किया जा चुका है, जिससे लाभार्थियों का भुगतान 84.3 प्रतिशत रहा। जननी सुरक्षा योजना के तहत जिले में दो एफआरयू क्रियाशील हैं, जहां सामान्य प्रसव के अतिरिक्त सिजेरियन प्रसवों की सुविधा उपलब्ध है। स्वास्थ्य इकाइयों पर 5869 प्रसव किए गए साथ ही नि:शुल्क परिवहन व्यवस्था 102 व 108 गाड़ियों से उपलब्ध कराई जाती है। नि:शुल्क भोजन, उपचार, खून व पेशाब की जांचें, ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा इकाइयों पर, अल्ट्रासाउंड सुविधा और नि:शुल्क ब्लड ट्रांसफ्यूजन की सुविधा जिला महिला चिकित्सालय में उपलब्ध कराई जा रही है।
टीकाकरण की समीक्षा में मड़ावरा एवं महरौनी की प्रगति कम होने पर डीएम ने संबंधित एमओआईसी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीकाकरण कार्य में प्रगति हेतु सभी एमओआईसी को वाहन उपलब्ध कराएं, जिससे वह क्षेत्र में जाकर टीकाकरण कार्य की निगरानी कर सकें। डीएम ने कहा कि यदि स्वास्थ्य विभाग की किसी भी इकाई के कर्मचारियों द्वारा सुविधा शुल्क लेने की शिकायत मिलने पर दोषी पाए गए तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। सीएचसी मड़ावरा, महरौनी एवं जिला महिला चिकित्सालय में एनआरसी की गुणवत्ता एवं संसाधन संतोषजनक न होने पर डीएम ने एनआरसी के स्टाफ को नोटिस जारी करने एवं क्वालिटी मेंटेनर द्वारा समय- समय पर एनआरसी की निगरानी करने हेतु एसीएमओ को निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ अनिल कुमार पांडेय, एडीएम वित्त एवं राजस्व अनिल कुमार मिश्र, सीएमएस (पुरुष) डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सी (महिला) डॉ हरेंद्र सिंह चौहान, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. जेएस बक्शी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हुसैन खान, जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन मिश्रा, डॉ. डीसी दोहरे, डॉ. राजेश भारती सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य चिकित्साधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
-------------------
अनुपस्थित बीएसए से किया स्पष्टीकरण तलब
डीएम अन्नावि दिनेश कुमार ने बैठक के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को मौजूद न रहने पर नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण बैठक में बगैर किसी सूचना के अधिकारी का अनुपस्थित रहना गलत है।
----------
टीबी इंडीकेटरों में उत्कृष्ट उपलब्धि में जनपद का प्रदेश में पांचवां स्थान
राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत वर्ष 2020 में टीबी इंडीकेटरों में उत्कृष्ट उपलब्धि पर राज्य स्तर से जनपद ललितपुर का नाम राज्य के प्रथम पांच जनपदों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार हेतु प्रस्तावित किया गया है। बैठक में इसकी जानकारी पर डीएम ने सराहना की।