ललितपुर। डीएम अन्नावि दिनेश कुमार ने कहा कि कोविड-19 को दृष्टिगत रखते हुए त्योहारों के आयोजन में विशेष सतर्कता बरती जाए। इस दौरान जुलूस में मात्र 100 लोगों की अनुमति दी जाएगी। ईदमिलादुन्बी और वाल्मीकि जयंती के दिन जानवर सड़कों पर घूमते हुए दिखाई न दें।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जयंती पर वाल्मीकि मंदिरों में रामायण का पाठ किया जाएगा, जिसकी निगरानी अधिकारी करेंगे। वह कलक्ट्रेट सभागार में त्योहारों को लेकर आयोजित बैठक में बोल रहे थे। डीएम ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी निहाल चंद्र को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान आयोजन स्थलों पर मोबाइल टॉयलेट एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, कहीं पर भी गंदगी जमा ना होने दी जाए। अधिशासी अभियंता जल संस्थान एवं जल निगम त्योहारों के दौरान पेयजल आपूर्ति सुचारु रखें, साथ ही अधिशासी अभियंता विद्युत निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि त्योहारों पर आयोजन में मात्र 100 लोगों की ही अनुमति दी जाएगी। इस दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के आयोजन एवं जुलूस के लिए रूट चार्ट तैयार कर प्रशासन को उपलब्ध कराएं।
पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक ने कहा कि आगामी समय में दो अत्यंत महत्वपूर्ण त्योहार हमारे सामने हैं, जिस को दृष्टिगत पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। इन त्योहारों को हमें हर्षोल्लास एवं पूरी जिम्मेदारी के साथ मनाना है। इस मौके पर एडीएम वित्त एवं राजस्व अनिल कुमार मिश्र, एडीएम नमामि गंगे लवकुश त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. जीपी शुक्ला, एएसपी गिरिजेश सिंह, जिला सूचना अधिकारी पीयूष चंद्र राय सहित विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।