सावधान! आपकी फेसबुक आईडी हैक कर पैसा मांग रहे साइबर अपराधी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सावधान! यदि आपके फेसबुक पर दोस्त, परिचित या रिश्तेदार अपने आपको को किसी मुसीबत में बताकर आपसे पैसे की मांग कर रहा है तो आप बिना सोचे-समझे और जानकारी लिए मेसेज के आधार पर किसी के बैंक खाते में रुपये जमा नहीं करवाएं। साइबर जालसाज इन दिनों फेसबुक को हैक कर ऐसे मेसेज भेज रहे हैं और पैसे ठग रहे हैं। ललितपुर व झांसी में रोज 15 से 20 आईडी हैक हो रही हैं।
अगर फेसबुक पर आपका अकाउंट है तो थोड़ा सतर्क रहें। साइबर अपराधी फेसबुक आईडी हैक करने के बाद घर के किसी सदस्य की बीमारी का हवाला देकर रुपये मांग रहे हैं। यदि ऐसे में आईडी हैक कर मेसेज के जरिए कोई पैसे मांगता है तो थोड़ा ठहर जाएं और पूरी जांच पड़ताल कर लें। कहीं ऐसा न हो इसकी आड़ में आपसे ठगी जाए।
ऑनलाइन ठगी का काम इस समय चरम पर है ऐसे में पैसा ट्रांसफर करने से पहले फोन पर बात जरूर कर लें, नहीं तो आप साइबर अपराधियोें का शिकार हो सकते हैं। जालसाज एक मेसेज भेजकर फेसबुक को हैक कर लेते हैं। हैक करने के बाद उससे हैकर मेसेज भेजते हैं, जिसमें खुद को किसी मुसीबत में घिरा बताते हैं। राशि किसी बैंक खाते में डालने की बात कहते हैं। लोगों को डीपी और नाम देखकर ऐसा लगता है सच में उनका दोस्त किसी मुसीबत में है और कई लोग बिना जांच के जालसाज के खाते में रुपये जमा कर देते हैं। हैकर खाते से राशि निकलवाकर आसानी से ठगी कर लेता है।
बचने के लिए यह करें
- अपने फेसबुक अकाउंट का समय-समय पर पासवर्ड बदलते रहें।
- पासवर्ड ऐसा ना रखें जो आपके मोबाइल नंबर या डिजिट में हो।
- मोबाइल नंबर, फ्रेंड्स लिस्ट और पर्सनल जानकारी को हिडन करें।
- किसी भी तरह की निजी जानकारी किसी के साथ भी साझा न करेें।
वर्जन
फेसबुक अकाउंट हैक कर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। किसी के खाते में रुपये ट्रांसफर न करें। आईडी हैक होने पर तुरंत साइबर थाना या साइबर सेल को सूचित करें। पुलिस ऐसे मामलों में जांच कर रही है। - विवेक कुमार त्रिपाठी, नोडल अधिकारी साइबर थाना झांसी