ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जिला अस्पताल के सामने फल लेकर बाइक से जा रहे सदनशाह मस्जिद के इमाम पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने उनकी टोपी खींच दी। बाद में इमाम के पीछा करने पर हाथापाई करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एसपी को बताया कि सदनशाह मस्जिद के इमाम हाफिज असगर अली पुत्र मोहम्मद अजीज बीते रोज पांच जुलाई को करीब साढ़े दस बजे सुबह सब्जी मंडी से फल लेकर अपने घर सदनशाह की ओर बाइक से जा रहे थे। अभी वह पुराने जिला चिकित्सालय के पास ही पहुंचे थे कि एक बाइक पर तीन बदमाश आए और इमाम की टोपी सिर से खींचकर बाइक से भागे। कुछ आगे जाकर बाइक सवारों में एक बदमाश ने हाथ से मारने का इशारा किया। जिस पर इमाम ने बाइक का पीछा किया, लेकिन उस पर नंबर नहीं था। इसके बाद भी वह पीछा करते रहे और बाइक सवार आगे जाकर तालाबपुरा में दुर्घटना होने के कारण भाग नहीं सके। जिस पर इमाम ने बाइक सवारों को पकड़ा तो उक्त व्यक्तियों ने भीड़ देखकर इमाम से हाथापाई शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए भागने की कोशिश की। इस पर इमाम ने घटना की जानकारी डायल 112 पर दी और पुलिस की गाड़ी का हूटर सुनकर वह सभी भाग गए। बताया कि इस घटना की कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाई है। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एसपी को ज्ञापन देकर उक्त बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन पर मुस्तफा खां, अफजल, असगर अली, इसरार, शाकिब अली, हैदर अली, शकील, कमाल, अनवर कुरैशी, गुलाम रसूल आदि के हस्ताक्षर हैं।