सोमवार की रात गांव मुहारा मजरा सेहनवारा निवासी राजकुमारी (28) ने अपने पति चंद्रभान कुशवाहा से सुबह मंदिर चलने की बात कही। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। झगड़े के बाद पति सो गया, जबकि राजकुमारी अपने बच्चों ज्योति (7), राखी (5) और सूर्यांश (2) को लेकर घर से निकल गई। वह गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक खेत पर बने कुएं में तीनों बच्चों को लेकर कूद गई। कुएं में पानी अधिक होने के कारण बच्चे डूब गए, जबकि राजकुमारी एक पत्थर को पकड़कर लटकी रही।
मंगलवार की सुबह करीब चार बजे घर के अन्य लोग खेत पर जा रहे थे। तभी रास्ते में खेत पर स्थित कुएं के अंदर से महिला के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। वे लोग कुएं के पास पहुंचे। कुएं से राजकुमारी मदद की गुहार लगा रही थी। किसी तरह राजकुमारी को कुएं से बाहर निकाला गया।
कुएं से बाहर आने के बाद राजकुमारी ने बच्चों सहित कुएं में कूदने की बात बताई तो परिजनों के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से करीब डेढ़ घंटे बाद बच्चों के शव कुएं से बाहर निकलवाए। जेठ नत्थू की तहरीर पर आरोपी महिला के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
महिला से की जा रही है पूछताछ-एसपी
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक का कहना है कि थाना जखौरा के गांव मुहारा में महिला पारिवारिक कलह के चलते अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में कूद गई थी। बच्चों की मौत गई है। वहीं महिला की जान बच गई। महिला से पूछताछ की जा रही है।