ललितपुर। कोरोना वायरस का संक्रमण बरकरार है। आए दिन नए संक्रमित मरीज सामने आ रहे हैं। मंगलवार को हुई कोविड जांच में दो मासूम समेत 46 व्यक्ति कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं 63 मरीजों को होम आइसोलेशन पूर्ण होने पर संक्रमण से मुक्त किया गया है। अब एक्टिव मरीजों की संख्या 308 हो गई है।
जिले में कोरोना संक्रमण कम होने का नाम नहीं ले रहा है। यहां पर सोमवार की अपेक्षा संक्रमण की रफ्तार तीन गुना हो गई है। जहां जांच में मात्र 14 व्यक्ति कोविड पॉजिटिव पाए गए थे, जबकि मंगलवार को आई जांच रिपोर्ट में 46 संक्रमित मिले हैं। ऐसे में संक्रमण से बचाव के नियमों का पालन कर बचाव करें।
मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 1317 सैंपल लिए जिनकी जांच रिपोर्ट में 46 व्यक्ति कोविड पॉजिटिव पाए गए। संक्रमितों में शहर के मोहल्ला चांदमारी, सिविल लाइन, पार्श्वनाथ कॉलोनी निवासी दो-दो व्यक्ति व मोहल्ला रावतयाना, बड़ापुरा, रामनगर, चौकाबाग, चौबयाना, हरदीला, नई बस्ती निवासी एक-एक व्यक्ति संक्रमित मिले हैं। ग्रामीण क्षेत्र में ब्लॉक तालबेहट में 21, जखौरा में पांच, महरौनी में तीन, बिरधा में दो, मड़ावरा व बार में एक-एक व्यक्ति कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी को होम आइसोलेशन में भर्ती किया गया है।
मंगलवार को आई जांच रिपोर्ट में दो मासूम बच्चे समेत 47 व्यक्ति कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी केे होम आइसोलेशन में भर्ती किया गया है। - डा. जीपी शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी