मझगईं। पलिया-निघासन रोड पर राजापुरवा मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की दस दिन बाद शादी थी।
कस्बा निवासी गौरीशंकर का 25 वर्षीय पुत्र रंजीत अपने दोस्त 18 वर्षीय अभिषेक के साथ अपनी शादी के कार्ड बांटने जा रहा था। राजापुरवा तीव्र मोड़ पर अचानक सामने से आई ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे रंजीत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। रंजीत की मौत से उसके परिवार में मातम पसरा है। 21 अप्रैल को रंजीत की शादी होनी थी लेकिन अब दो परिवारों में खुशियों की जगह मातम पसरा हुआ है।