संसारपुर। बाइक पर बैठाने से मना करने पर पड़ोसी गांव के दबंग ने एक युवक को तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। युवक की पत्नी ने पड़ोसियों की मदद से आरोपी को तमंचा समेत दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
झिझारपुर गांव निवासी राम सागर की पत्नी लक्ष्मी देवी ने बताया कि सोमवार की दोपहर उसका पति बाइक पर घर लाट रहा था। तभी रास्ते में मिले पड़ोसी गांव झाऊपुर के अमित कुमार ने बाइक पर बैठाने के लिए कहा। वह नशे में था इसलिए रामसगर ने बाइक पर बैठाने से मना कर दिया। इस पर वह गाली गलौज करने लगा और देख लेने की धमकी दी। कुछ देर बाद दबंग अमित कुमार तमंचा लेकर राम सागर के घर आ धमका और गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर तमंचा निकालकर जान से मारने की धमकी दी। लक्ष्मी देवी ने पड़ोसियों की मदद से अमित कुमार को तमंचा समेत दबोच लिया और संसारपुर चौकी ले जाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। लक्ष्मी देवी की ओर से मामले की तहरीर दे दी गई है। संसारपुर चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि आरोपी का दफा 25 में चालान किया गया है।