पीलीभीत-बस्ती रोड पर छाया घना कोहरा।
सुबह ठंड ने गिराया पारा, आठ बजे हाईवे पर 50 मीटर से कम रही दृष्यता
लखीमपुर खीरी। शहर से बाहर सोमवार की सुबह सड़कों पर घना कोहरा पसरा दिखा। पीलीभीत बस्ती मार्ग पर आलम यह था कि सुबह आठ बजे तक दृश्यता 50 मीटर से भी कम थी। वहीं वाहन लाइट जलाकर हाईवे पर रेंगते नजर आए।
दिवाली के बाद मौसम में बदलाव के साथ ही तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर शुरू हो गया है। दिन में अच्छी धूप निकलने से गर्म कपड़े पहनना मुश्किल हो रहा है, लेकिन शाम होते ही पारा लुढ़कने से ठंडक अपना अहसास कराने लगी है। तराई क्षेत्र में सुबह कोहरा गिरते देखा जा रहा है, जो आने वाले दिनों में और घना हो सकता है।
जनपद में सोमवार को सुबह से मौसम साफ रहा, जिससे अच्छी धूप खिली। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि इस सप्ताह मौसम सामान्य रहेगा। तापमान में अभी गिरावट नहीं आएगी, लेकिन बुधवार को बादल छा सकते हैं। बादलों का असर अगले एक-दो दिन तक रह सकता है। बारिश होने की संभावना नहीं है।