खम्मारखेड़ा चीनी मिल गेट पर प्रदर्शन करते किसान।
खंबारखेड़ा मिल प्रशासन पर लगाया वादा खिलाफी का आरोप, आंदोलन की चेतावनी
महेवागंज। गन्ने के बकाया मूल्य भुगतान की मांग को लेकर सोमवार को किसानों ने खंबारखेड़ा चीनी मिल गेट पर नारेबाजी की। प्रशासन को मांग पत्र सौंपते हुए किसानों ने कहा कि पिछले सत्र का एक भी पैसा मिल वालों ने नहीं दिया है, जबकि भुगतान को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के कार्यकर्ता आंदोलन भी कर चुका है। तब मिल प्रबंधन ने प्रशासन के सामने समय पर भुगतान करने का वादा किया था।
वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में किसान सोमवार को चीनी मिल गेट पर इकट्ठे हुए। किसानों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर मिल चलने से पहले भुगतान नहीं किया गया तो किसान फिर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। मिल प्रबंधन के साथ ही प्रशासन भी इसका जिम्मेदार होगा।
डीएम को दिए ज्ञापन में किसानों ने कहा कि यहां का अधिकांश गन्ना बजाज ग्रुप की खंभारखेड़ा चीनी मिल जाता है। फिर भी पिछले सीजन का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है। किसानों ने अविलंब भुगतान करने की मांग की है। इस मौके पर दिलबाग सिंह, गुरविंदर सिंह, गुबख्श, गुरुवंत, मितपाल, गुलाब सिंह, मलकीत सिंह चीमा, बलवंत, बेअंत सिंह, गुरुप्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।