फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिया सबूत का हवाला: लखीमपुर खीरी हिंसक झड़प पर केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र की सफाई, बोले- घटनास्थल पर नहीं था मेरा बेटा

Sun, 03 Oct 2021 09:55 PM IST
अनुराग सक्सेना अमर उजाला नेटवर्क, लखीमपुर खीरी

सार

लखीमपुर खीरी में हुई घटना पर केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र ने कहा है कि इस घटना में उनका बेटा शामिल नहीं है। उन्होंने इस संबंध में सबूत के तौर पर वीडियो होने का दावा भी किया है। केंद्रीय मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा ने भी बयान जारी कर कहा है कि मैं घटनास्थल पर मौजूद नहीं था।
विज्ञापन
अजय मिश्र टेनी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लखीमपुर खीरी में हुई घटना पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा है कि इस घटना में उनका बेटा आशीष मिश्रा शामिल नहीं है। उन्होंने इस संबंध में सबूत के तौर पर वीडियो होने का दावा भी किया है। इस बीच उनके बेटे आशीष मिश्र ने बयान देते हुए कहा है कि वे घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे। उनके ड्राइवर को पीट-पीटकर मार डाला गया। आशीष ने कहा कहा कि मैं घटना स्थल पर नहीं था। मेरे ड्राइवर हरि ओम को पीट पीटकर मार दिया गया। हरिओम उप-मुख्यमंत्री को लेने जा रहा था।

विज्ञापन


पीटीआई को दिए बयान में अजय मिश्र ने कहा, इस घटना में मेरा बेटा घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं था। मेरे पास इस बात को साबित करने के लिए वीडियो सबूत के तौर पर मौजूद है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस हिंसक झड़प में तीन भाजपा कार्यकर्ताओं समेत मेरे ड्राइवर को किसानों के बीच कुछ असामाजिक तत्वों ने पीट पीटकर मार डाला है।

विज्ञापन

एक सप्ताह से केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी का विरोध कर रहे थे किसान

कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान पिछले एक सप्ताह से केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी का भी विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि केंद्रीय मंत्री ने आंदोलन को लेकर गलत टिप्पणी की थी। इसी वजह से किसान उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम का विरोध करने के लिए खीरी के पास के ही कस्बे तिकुनिया में हैलीपैड के पास इकट्ठे हुए थे। विरोध की आशंका को देखते हुए उप-मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से न आकर सड़क मार्ग से खीरी पहुंचे। उन्होंने दोपहर करीब 12 बजे विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।

इसके बाद उन्हें केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी के गांव बनवीरपुर में एक दंगल का उद्घाटन करने जाना था। रास्ते में तिकुनिया में ही लखीमपुर और आसपास के जिलों के किसान विरोध करने के लिए भारी संख्या इकट्ठा हो गए। इस वजह से उप-मुख्यमंत्री का रूट डायवर्ट कर दिया गया लेकिन केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र के बेटे आशीष मिश्र अपने काफिले के साथ तिकुनिया के मार्ग से ही गुजरे। 

तिकुनिया विद्युत उपकेंद्र के पास इकट्ठे हुए किसानों और आशीष मिश्र के बीच झड़प हो गई। किसानों नेताओं का आरोप है कि इसी दौरान आशीष ने उनके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। इस दौरान घायल हुए किसानों में से गुरविंदर सिंह निवासी नानपारा (बहराइच) के गांव मोहनिया, दलजीत सिंह नानपारा के ही गांव बंजारा टांडा और खीरी की पलिया तहसील के गांव चौगड़ा फार्म निवासी 25 वर्षीय लवप्रीत सिंह की मौत हो गई। 

इसके बाद किसानों ने काफिले की दोनों गाड़ियों पर धावा बोल दिया और गाड़ी में मौजूद सभी लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। केंद्रीय मंत्री के बेटे आशीष ने खेतों में घुसकर जान बचाई। वहीं आशीष के चालक हरिओम को किसानों ने घेर लिया और जमकर मारपीट की। 

हंगामे की सूचना पाते ही उप-मुख्यमंत्री मौर्य बनवीरपुर गांव के बीच रास्ते ही लौटकर बेलरायां में गेस्ट हाउस पहुंच गए। शासन ने पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों को मौके पर भेज दिया। इसी बीच गाजीपुर (दिल्ली) की सीमा पर प्रदर्शन कर रहे किसान नेता राकेश टिकैत ने लखीमपुर कूच की घोषणा कर दी। इसके बाद किसानों ने तिकुनियां के अग्रसेन इंटर कॉलेज में इकट्ठा होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। दो किसानों के शव के साथ देर शाम तक डटे रहे। किसानों ने केंद्रीय मंत्री के बेटे पर हत्या का मुकदमा दर्ज गिरफ्तारी की मांग रख दी। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें