करबला के पास खेतों में बकरी चरा रही थी लड़की, बाघ की चहलकदमी से सुंदरपुर गांव में भी दहशत
भीखमपुर। वीरमपुर गांव में नरवा माइनर के पास बाघ ने हमला कर तीन बकरियों को मार डाला। इसके अलावा संसारपुर में भी बाघ ने एक बकरी को मार डाला, जिससे क्षेत्र में दहशत है।
वीरमपुर निवासी राम सागर की पुत्री कई लोगों के साथ करबला के पास पड़ोस के खेतों में बकरियों को चरा रही थी। अचानक झाड़ियों से निकले बाघ ने एक साथ तीन बकरियों पर हमला कर दिया। बकरी चरा रहे साथी लोगों के द्वारा शोर मचाने पर एक बकरी को बाघ झाड़ियों में उठा ले गया। दो बकरियों की गर्दन काट दी। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने पहुंचकर मौका मुआयना किया। बकरी मालिक राम सागर पासी को पोस्टमार्टम कराने के बाद उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया है। डिप्टी रेंजर रामनरेश वर्मा का कहना है कि जंगल के बाहर बाघ के हमले में बकरियों की हुई मौत का पोस्टमार्टम पशु चिकित्सा अधिकारी कस्ता से कराया जाएगा। बकरी मालिक को विभाग की ओर से अनुमन्य सहायता राशि दी जाएगी।
ममरी। मंगलवार की शाम पुलिस चौकी मुंडा निजाम क्षेत्र के सुंदरपुर गांव में बाघ ने बकरी को अपना शिकार बना डाला। सुंदरपुर के पूर्व प्रधान रामकुमार वर्मा आदि ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार की शाम गांव का ही निवासी मदनलाल गांव के उत्तर में सुरेश कुमार के खेत में बकरी चरा रहा था। इसी बीच गन्ने में छिपे बाघ ने एक बकरी पर हमला कर उसे मार डाला, जिसे देख मदनलाल के होश उड़ गए। बाघ को देखकर खेतों में काम कर रहे लोगों में भगदड़ मच गई। शोर मचाने पर बाघ अध खाया शव छोड़कर गन्ने में घुस गया। गन्ने में बाघ की मौजूदगी से गांव वालों में दहशत का माहौल है। बच्चे स्कूल जाने से घबरा रहे हैं। फॉरेस्टर रोहित श्रीवास्तव ने अपनी टीम के साथ क्षेत्र में काफी देर कांबिंग की। टीम ने पगचिह्न देखकर बाघ होने की पुष्टि की है।