सीतापुर के सकरन थाना क्षेत्र से पुलिस ने सकुशल किया बरामद
पुलिस ने एक संदिग्ध को दबोचा, पूछताछ शुरू
पुलिस बोली, रंजिशन के चलते हुई वारदात
गांव धुंधा कलां निवासी मेवालाल के घर बुधवार की रात 12 से अधिक लोग घुस गए और परिवार वालों की जमकर पिटाई की। बदमाश उसकी बहू और 16 वर्षीय बेटी को अगवा कर ले गए। इस दौरान बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग भी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रात भर बदमाशों की खोजबीन की, लेकिन अगवा की गई बहू और उसकी बेटी का कोई पता नहीं लग सका। गुरुवार की सुबह किसी तरह से बहू ने मोबाइल पर कॉल कर सीतापुर जिले में एक कुटी में बांधकर रखे जाने की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को कुटी से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया है, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है।
गांव धुंधाकलां निवासी मेवालाल के मुताबिक बुधवार की रात करीब 11 बजे 12 लोग फूस की लगी टटिया नोच कर उसके घर घुस आए। बंदूकों और तमंचों के बल पर उसे, उसकी पत्नी मीरा, भाई बालक और पड़ोस में रहने वाले ममेरे भाई रमेश व बहादुर को बंधक बना लिया और जमकर पिटाई की। बंदूकों व तमंचों से कई राउंड फायरिंग की। करीब 20 मिनट तक उत्पात मचाने के बाद बदमाश उसकी 35 वर्षीय बहू सुशीला एवं 16 वर्षीय बेटी ज्योति को अगवा कर ले गए। फायरिंग से गांव में दहशत व्याप्त हो गई। गांववालों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर हल्का दरोगा ओंकार सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और पीड़ित परिवार और ग्रामीणों से घटना के बाबत जानकारी ली। पुलिस ने बदमाशों की खोजबीन की, लेकिन उनका कोई अतापता नहीं चल सका। गुरुवार की सुबह सुशीला ने किसी तरह मेवालाल के मोबाइल पर कॉल कर बताया कि अपहरणकर्ताओं ने उसे सीतापुर जिले के सकरन थाना क्षेत्र में स्थित किसी बाबा की कुटी पर बंधक बनाकर रखा है। सूचना पर ईसानगर पुलिस ने सकरन थाने की पुलिस से संपर्क किया और बाबा की कुटी पर छापा मारकर सुशीला और ज्योति को सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि अपहरणकर्ता पुलिस के हाथ नहीं चढ़े। एसओ शिवानंद यादव ने बताया कि करीब एक साल पहले मेवालाल के भाई बालक ने गांव के ही संबारी की बेटी को भगा कर विवाह कर लिया था। इस मामले की रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी। इस कारण दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। उसी का बदला लेने के लिए संबारी ने इस घटना को अंजाम दिया है। देर शाम तक पुलिस को घटना की तहरीर नहीं मिली थी। तहरीर मिलने पर सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।