पलिया में शारदा नदी के पुल पर चल रहा है मरम्मत का काम
निघासन होकर निकाले जा रहे हैं वाहन, आज शाम चार बजे तक रहेगा प्रतिबंध
बिजुआ/पलियाकलां। भीरा-पलिया हाईवे के बीच पड़ने वाला शारदा नदी का पुल मरम्मत कार्य के चलते 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। जानकारी के अभाव में बाहर से आने वाले वाहनों की लंबी लाइन लग गई हैं। पलिया जाने वाले वाहन निघासन होते हुए निकाले जा रहे हैं। वहीं दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को पैदल ही पुल पार करना पड़ा। शनिवार शाम चार बजे के बाद यातायात सामान्य रूप से चलने लगेगा।
शारदा नदी के सड़क पुल पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के साथ ही पुल की सड़क काफी क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके बाद विधायक रोमी साहनी ने 21 जुलाई को एसडीएम को पत्र लिखकर पुल को दुरुस्त कराने की मांग की थी। शुक्रवार शाम चार बजे पुल के दोनों तरफ बैरीकेटिंग लगाकर आवागमन बंद कर दिया गया।
अब पलिया जाने के लिए शाहजहांपुर, बरेली, दिल्ली, फर्रुखाबाद की तरफ से आने वाले वाहनों को भीरा से बिजुआ लखीमपुर रोड से होकर ढखेरवा चौराहा होते हुए बाया निघासन निकाला जा रहा है। पुल बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइनें लग गई हैं।
भीरा की तरफ से रेलवे पुल के पास पैदल आवागमन के लिए थोड़ी जगह में बनी रोड से ही बाइक सवार पैदल बाइक लेकर पुल पार करते दिखे, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने रोका। इस दौरान विधायक रोमी साहनी ने भी पुल का निरीक्षण किया। भीरा एसओ अजय राय से भी विधायक ने बात की।
दोनों तरफ तैनात रहीं यूनियन की बसें
पलिया से शारदा पुल और शारदा पुल के पार से आगे गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दोनों तरफ पलिया बस यूनियन की बसें तैनात रहीं। यात्रियों को पुल पार कर दूसरी बस में बैठने को कहा गया। वहीं विभिन्न महानगरों में जाने वाली बसें भी भीरा की तरफ पुल पार खड़ीं रहीं।
24 घंटे के लिए शारदा नदी के सड़क पुल पर आवागमन शुक्रवार शाम चार बजे से बंद कर दिया गया है। शनिवार की शाम चार बजे तक आवागमन पूरी तरह से बंद रहेगा। इस बीच सड़क दुरुस्तीकरण का कार्य कराया जाएगा।
- डॉ. अमरेश कुमार, एसडीएम, पलिया