ममरी। हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव कुंवरपुर माफी से ससुराल जाने के लिए साइकिल से निकले 40 वर्षीय व्यक्ति का शव तीसरे दिन गांव के उत्तर तालाब में उतराता मिला। परिजनों ने किसी से रंजिश होने से इनकार किया है।
कुंवरपुर माफी निवासी राम अवतार गौतम ने बताया कि उनका 46 वर्षीय बेटा राजकुमार सात नवंबर को अपनी ससुराल नेमपुर जाने के लिए साइकिल से निकला था। लेकिन वह ससुराल नहीं पहुंचा। मंगलवार सुबह उसका शव गांव के उत्तर बेहटा तालाब में उतरता मिला। राजकुमार की मौत से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की साइकिल गायब बताई गई है। परिवार वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि परिजन ने किसी पर आरोप लगाने से इनकार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई होगी।