लखीमपुर खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व सैलानियों के लिए 15 नवंबर से खुलना तय हो गया है। प्रदेश के वन मंत्री दारा सिंह चौहान ने 15 नवंबर से दुधवा का पर्यटन सत्र शुरू करने की अनुमति दे दी है।
दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर संजय पाठक ने बताया कि प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव पवन कुमार शर्मा ने वन निगम के प्रबंध निदेशक और दुधवा टाइगर रिजर्व के अधिकारियों से ऑनलाइन, ऑफलाइन बैठक कर विचार विमर्श करने के बाद दुधवा के संरक्षित वन क्षेत्रों में 15 नवंबर पर्यटकों के भ्रमण के लिए खोलने की संस्तुति की है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव पवन कुमार शर्मा ने दुधवा नेशनल पार्क के सठियाना रेंज और अन्य जगहों पर जहां संपर्क मार्ग अभी क्षतिग्रस्त अथवा जलमग्न हैं उनकी शीघ्र मरम्मत कराने और मरम्मत होने तक सैलानियों की सुरक्षा के मद्देनजर इन क्षेत्रों में भ्रमण की अनुमति न दिए जाने की बात कही है। उन्होंने पर्यटकों की सुरक्षा सुविधा के साथ कोविड प्रोटोकाल और दो गज की दूरी मास्क जरूरी मूल मंत्र का कड़ाई से पालन किए जाने के निर्देश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश वन निगम के प्रबंध निदेशक संजय सिंह ने बताया कि एक नवंबर से पर्यटन सत्र शुरू करने के निर्णय के क्रम में पर्यटक आवास में कराए गए आरक्षण को किसी अन्य तिथि को कराने या आरक्षण के लिए जमा की गई धनराशि वापस लेने का विकल्प पर्यटकों को दिया गया है।