वीडियो वायरल, एसपी ने सीओ सिटी को सौंपी जांच
लखीमपुर खीरी। एसपी ऑफिस के एक बाबू का रुपये लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर शुक्रवार को वायरल हुआ, जिसका संज्ञान लेते हुए एसपी विजय ढुल ने बाबू सादिक अली अंसारी को निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की जांच सीओ सिटी अरविंद कुमार वर्मा को सौंपी है।
कलक्ट्रेट स्थित एसपी ऑफिस में बाबू सादिक अली अंसारी के पास चरित्र प्रमाण पत्र समेत अन्य कार्यों का पटल है, जहां पर निर्धारित शुल्क से अधिक रुपये वसूले जाने पर किसी ने वीडियो बना लिया। इसके बाद शुक्रवार को वीडियो वायरल हुआ तो एसपी ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया। चरित्र प्रमाण पत्र के लिए 50 रुपये शुल्क निर्धारित है।
बताते हैं कि बाबू द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक रुपये लोगों से वसूले जा रहे थे। इसी दौरान किसी ने बाबू का रुपये लेते हुए वीडियो बना लिया और फिर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। एसपी विजय ढुल ने बताया कि मामला संज्ञान में आने पर सीओ सिटी से प्रकरण की जांच कराई जा रही है। आरोपी बाबू को निलंबित कर दिया गया हैै। जांच पूरी होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बाबू के खिलाफ अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। वीडियो क्लिप के आधार पर कार्रवाई की गई है।