सिंगाही के व्यापारी राजू गुप्ता को लेकर भाजपा में कड़वाहट बढ़ने लगी है। एक तरफ जहां भाजपा के पूर्व सहकारिता मंत्री रामकुमार वर्मा उनके समर्थन में सड़क पर आंदोलन कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ जिला महामंत्री ने एक प्रेसनोट जारी करते हुए राजू गुप्ता के भाजपा का सदस्य होने से इंकार किया है।
बता दें कि सिंगाही व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष और नगर पंचायत के नामित सदस्य राजू गुप्ता के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई से नाराज भाजपाइयों ने पूर्व सहकारिता मंत्री रामकुमार वर्मा की अगुवाई में शुक्रवार को एक बैठक कर जुलूस निकालकर पांच सूत्री ज्ञापन एसडीएम को सौंपा था। शनिवार को मामला सुर्खियों में आने के बाद भाजपा जिला महामंत्री संजय सिंह ने एक प्रेस नोट जारी करके कहा कि वह भाजपा के सदस्य नहीं है। भाजपा में अभी तक उनका न ही सिंगाही मंडल और न ही जिला कार्यकारिणी में प्रवेश हुआ है। व्यक्तिगत तौर पर कोई भी किसी की लड़ाई में शामिल हो सकता है। पार्टी का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है।
उधर राजू गुप्ता ने बताया कि उपचुनाव के दौरान सपा को छोड़कर भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। पूर्व मंत्री रामकुमार वर्मा ने बताया कि उपचुनाव के दौरान राजू गुप्ता ने खुलकर पार्टी का साथ दिया है। वह भाजपा के सदस्य होने के साथ ही कार्यकर्ता भी है।