लखीमपुर खीरी। जनपद के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को बारिश हुई और तेज हवाएं भी चलीं। इससे कई जगह सड़कों पर पेड़ गिर गए। करीब एक घंटे तक हुई बारिश से हुए जलभराव के कारण लोगों को दिक्कत हुई। मितौली में विद्युत उपकेंद्र में पानी भरने से सप्लाई ठप हो गई तो गोला में हमीद मार्केट तालाब बन गई।
सुबह मौसम साफ था, लेकिन दोपहर होते ही बादल छाने लगे। इसके बाद कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जिसके कुछ देर बाद तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश हुई। करीब एक घंटे तक बारिश का सिलसिला चलता रहा। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से मानसून सक्रिय हुआ है, जो अभी कई दिन तक सक्रिय रहेगा। शनिवार को भी कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है। इसके बाद भी कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है।
ममरी। शुक्रवार दोपहर झमाझम बरसात होने से किसानों के चेहरे खिल उठे। आधा घंटा तक बारिश होने से खेतों में खड़ी धान, गन्ना, मक्का आदि की फसलों को लाभ पहुंचा है। कस्बे के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बाजार मैदान में जलभराव हो गया, जिससे बच्चों को पानी से निकलना पड़ा।
--
गोला में नगर पालिका की अव्यवस्था की खुली पोल
गोला गोकर्णनाथ। शुक्रवार की दोपहर महज एक घंटे हुई मूसलाधार बारिश को शहर झेल नहीं पाया। इसके साथ ही नगर पालिका की साफ-सफाई और पानी निकास व्यवस्था की पोल खुल गई। सड़कों और बाजारों में कई फुट पानी भर गया। जिसमें हमीद मार्केट तो तालाब बन गई। दुकानदारों ने विरोध में प्रदर्शन भी किया।
शुक्रवार की दोपहर 1:00 बजे मूसलाधार बारिश शुरू हुई। महज एक घंटे की बारिश से सिनेमा रोड पर करीब तीन से चार फुट पानी भर गया। इस दौरान हाईटेंशन लाइन का तार भी टूट कर गिर गया, गनीमत यह रही कि आपूर्ति ठप थी।
बारिश से अंबेडकर पार्क से मिल डायवर्जन रोड, वीर अब्दुल हमीद मार्केट नीची भूड़ और मेला मैदान में जलभराव हो गया। पानी भरने से हमीद मार्केट के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। अतीक, मोहम्मद शकील, अनवर अली, बुंदे भसीन, आमिर, आसिफ अली, एबरन, उमर हीरा अंसारी आदि ने पालिका जाकर प्रदर्शन कर जलभराव की समस्या का निराकरण कराने की मांग की।
नगर पालिका परिषद ईओ प्रदीप नारायण दीक्षित ने कहा कि तेज बरसात से जलभराव की समस्या हुई है। नाले नालियों की साफ-सफाई कराई गई थी। संवाद