लखीमपुर में हुई घटना के बाद मचे बवाल के बीच सियासत लगातार गरमाती जा रही है। सोमवार को पीएसी के गेस्ट हाउस में झाड़ू लगाने का प्रियंका गांधी के वायरल हुए वीडियो के बाद मंगलवार को उनका एक और वीडियो वायरल हो गया है, इससे वह और चर्चा में आ गई हैं।
इस बार उन्होंने वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री से लखीमपुर आने का आग्रह किया है। दरअसल, लखीमपुर की घटना को लेकर हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। इसी बीच घटना से जोड़कर एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल किया जा रहा है। यह वीडियो गाड़ी से लोगों को कुचलने का है।
अब इसी वीडियो का हवाला देते हुए जिले की सेकेंड वाहिनी पीएसी में बंद कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपना एक वीडियो बनाकर ट्विटर अकाउंट पर अपलोड किया है। अपलोड किए गए वीडियो में प्रियंका गांधी कहती हैं कि मोदी जी नमस्कार... मैंने सुना है कि आप आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए लखनऊ आ रहे हैं। मैं आपसे पूछना चाहती हूं कि क्या आपने यह वीडियो देखा है...? (अपने वीडियो में दूसरे मोबाइल से उस वायरल वीडियो को दिखाते हुए) कुछ देर तक वीडियो को दिखाती हैं। उसके बाद मोबाइल को दूसरे शख्स को पकड़ा दे देती हैं।
फिर अपनी बात शुरू करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा कहती हैं कि यह वीडियो आप की सरकार के मंत्री के बेटे के द्वारा किसानों को गाड़ी से कुचलने का है। प्रियंका कहती हैं कि वीडियो को देखिए, देश को बताइए। मंत्री को बर्खास्त क्यों नहीं किया गया मोदी जी। लड़के को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया..?
मेरे जैसे विपक्ष के नेताओं को तो आपने बिना किसी ऑर्डर के, बिना किसी एफआईआर के हिरासत में रखा है। मैं जानना चाहती हूं कि ये आदमी आजाद क्यों है...? आज जब आप आजादी के अमृत महोत्सव की महफिल में मंच पर बैठे रहेंगे तो याद करिए मोदी जी कि यह आजादी हमें किसानों ने दिलवाई, आज भी देश की सुरक्षा के लिए सीमाओं पर किसानों के बेटे मौजूद हैं।
किसान महीनों से परेशान है और आप उसे नकार रहे हैं। मैं आपसे आग्रह करती हूं कि लखीमपुर आइए न.... जिन्होंने आजादी दिलवाई, जो देश का अन्नदाता है, जो देश की आत्मा है। उसकी पीड़ा सुनिए, समझिए, इनकी सुरक्षा आपका धर्म है, जिस संविधान की आपने शपथ ली, उसका धर्म है। उसके प्रति आपका कर्तव्य है। जय हिंद... जय भारत....। करीब 1 मिनट 57 सेकेंड का वीडियो प्रियंका गांधी ने ट्विटर हैंडल पर अपलोड किया है।