दो पालियों में चार केंद्रों पर होगी परीक्षा
लखीमपुर खीरी। विद्या ज्ञान स्कूल में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले बच्चों को प्रारंभिक लिखित परीक्षा देनी होगी। इसके लिए जिले भर में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रारंभिक लिखित परीक्षा दो पालियों में 10 अप्रैल को होगी।
आगामी शिक्षा सत्र 2022-23 के लिए विद्या ज्ञान स्कूल में प्रवेश के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों (जिनकी वार्षिक आय एक लाख से कम हो) के कक्षा पांच व छह में अध्ययनरत मेधावी बच्चों से आवेदन मांगे गए थे। संबंधित ब्लॉकों के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में 14 मार्च 2022 तक आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि निर्धारित थी, जिससे अब आवेदन कर चुके बच्चों को प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे।
बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक लिखित परीक्षा के लिए शहर में भगवानदीन आर्य कन्या इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिसमें ब्लॉक क्षेत्र लखीमपुर, नकहा, फूलबेहड़ और बेहजम के बच्चे परीक्षा देंगे। इसी तरह गोला स्थित कृषक समाज इंटर कॉलेज में ब्लॉक बांकेगंज, गोला, बिजुआ और पलिया के बच्चे परीक्षा देंगे। रमियाबेहड़ के लखनपुरवा स्थित कांति देवी इंटर कॉलेज में निघासन, रमियाबेहड़, ईसानगर व धौरहरा के बच्चे परीक्षा देंगे।
मोहम्मदी के जेपी इंटर कॉलेज में ब्लॉक पसगवां, मितौली और मोहम्मदी के बच्चे परीक्षा देंगे। परीक्षा दो पालियों में सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक और अपरान्ह 2.30 बजे से 4.30 बजे तक होगी।