प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत अक्टूबर-नवंबर के लिए नई व्यवस्था लागू
लखीमपुर खीरी। कोरोना काल में शुरू की गई प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत अब अगले दो महीने राशनकार्ड धारकों को मुफ्त में सिर्फ गेहूं ही मिलेगा। यहां बता दें कि इस योजना में हर माह राशनकार्ड धारकों को एक बार सब्सिडी वाला राशन मिलता है, जबकि दूसरी बार मुफ्त राशन दिया जाता है।
जिले में कुल आठ लाख राशनकार्ड हैं। इनमें खाद्य सुरक्षा और अंत्योदय के कार्ड शामिल हैं। राशनकार्ड धारकों को तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल दिया जा रहा है। कोरोना काल में जब लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट था उस समय सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना शुरू की थी ताकि कोई भूखा न रहे। इस योजना के तहत हर माह सब्सिडी पर मिलने वाले गेहूं, चावल के अलावा माह के दूसरे पखवारे में मुफ्त राशन देने की व्यवस्था सरकार ने की थी।
माह के पहले पखवारे में सब्सिडी का राशन दो रुपया प्रति किलो गेहूं और तीन रुपया प्रतिकिलो की दर से चावल दिया जाता है। कुल पांच किलो राशन प्रति यूनिट दिए जाने की व्यवस्था है। इसमें तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल दिया जा रहा है। अब माह के दूसरे पखवारे में मिलने वाले मुफ्त राशन में सिर्फ पांच किलो गेहूं मुफ्त मिलेगा, जबकि सब्सिडी पर मिलने वाले राशन में पुरानी व्यवस्था ही लागू रहेगी।
जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि अक्टूबर में मुफ्त राशन वितरण के लिए जिले में 14923 मीट्रिक टन गेहूं का आवंटन किया जा रहा है। जिले के सभी 1500 उचित दर की दुकानों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं।