पलियाकलां में सोमवार रात किसान के घर में घुसकर तेंदुआ आंगन में घूम रहे कुत्ते को उठाकर ले गया। कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनकर परिवार के लोग जागे तो आंगन में खून बिखरा मिला।
लखीमपुर खीरी के पलियाकलां इलाके के ऐंठपुर गांव में सोमवार रात एक किसान के घर में घुसकर तेंदुआ आंगन में घूम रहे कुत्ते को उठाकर ले गया। तेंदुए आने से गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीण खेतों की ओर जाने से भी डर रहे हैं।
विज्ञापन
ऐंठपुर गांव के मोहन सिंह का फार्महाउस के पास गन्ने का खेत है। सोमवार देर रात गन्ने के खेत से होता हुआ एक तेंदुआ मोहन सिंह के घर में घुस गया और आंगन में घूम रहे कुत्ते पर हमला कर दिया। वह कुत्ते को गन्ने के खेत में खींच ले गया। कुत्ते की आवाज सुनकर मोहन सिंह व अन्य परिजन जाग गए और आंगन में आकर देखा तो वहां पर खून और कुत्ते के बाल पड़े हुए थे।
शोर शराब सुनकर आसपास के लोग भी आ गए। इधर-उधर छानबीन की तो तेंदुआ के पगचिह्न भी ग्रामीणों को दिखाई दिए। काफी देर तक आसपास लोग गन्ने के खेतों तक लाठी-डंडा लेकर कुत्ते की तलाश में भटकते रहे, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद वन विभाग को मामले की सूचना दी। वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी पहुंचे। उधर, तेंदुआ की आमद से ग्रामीणों में खलबली मच गई।