भारत-नेपाल सीमा पर एसपी व खीरी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
लखीमपुर खीरी जिले में इंडो-नेपाल बॉर्डर पर सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए कवायद शुरू हो गई है। मंगलवार दोपहर पुलिस अधीक्षक खीरी गणेश प्रसाद साहा ने एसएसबी असिस्टेंट कमांडेंट, वन विभाग की टीम, नेपाल की एपीएफ फोर्स, क्षेत्राधिकारी पलिया व थाना प्रभारी संपूर्णानगर निराला तिवारी के साथ नेपाल राष्ट्र के मार्ग स्थित केमा बैरियर आजाद नगर घोला का भ्रमण किया।
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधि व नेपाल के लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। एसपी ने भारत-नेपाल बॉर्डर के मार्गों पर स्थापित बैरियर व नाका पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर भारत नेपाल राष्ट्र की सीमा को जोड़ने वाले अन्य मार्गों, पगडंडी, कच्चे व पक्के रास्तों पर तस्करी करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
प्यार की खातिर बदला धर्म : समरीन ने सुमन बनकर प्रेमी संग लिए सात फेरे, कहा- हिंदू धर्म में मेरी आस्था
जनपद लखीमपुर में भारत-नेपाल की सीमा 120 किलोमीटर के परिक्षेत्र में है, जिसके अंतर्गत जनपद के चार थाने गौरीफंटा, चंदन चौकी, तिकुनियां व संपूर्णानगर आते हैं। बॉर्डर की सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाए जाने के लिए एसपी ने कवच सेल का गठन किया है, जिसके अंतर्गत सीमा सुरक्षा के लिए अतिरिक्त 16 कवच आउटपोस्ट बनाए गए हैं, जिन पर उप निरीक्षक को कवच आउटपोस्ट के प्रभारी के रूप में नियुक्त किया है, साथ ही सिपाहियों की तैनाती की है, जिनके द्वारा लगातार सीमा पर निगरानी कर अवांछनीय गतिविधियों पर रोक लगाएंगे।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने केमा बैरियर ब्रिज पर एकीकृत कवच आउटपोस्ट बनाने के लिए वन विभाग, नेपाल पुलिस, एसएसबी से समन्वय स्थापित कर पहल की है। भ्रमण के दौरान एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट खेमराज 39 बटालियन पलिया, क्षेत्राधिकारी पलिया यादवेंद्र यादव, वन दरोगा गरीबन लाल व नेपाल की पुलिस, स्थानीय जनप्रतिनिधि आदि मौजूद रहे।