फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऐसे तो सौजन्या तिराहे से नहरिया तक मिलने से रही जाम से मुक्ति

विज्ञापन
विज्ञापन
खंभों को हटाने के लिए बिजली विभाग मांग रहा 80 लाख, पालिका तैयार नहीं
विज्ञापन

बिना खंभे हटवाए ही नगर पालिका कराएगी इस रोड का निर्माण
लखीमपुर खीरी। खीरी रोड पर सौजन्या तिराहे से लेकर नहरिया तक अक्सर लगने वाले जाम से मुक्ति की फिलहाल कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है कि क्योंकि बिना खंभे हटाए रोड चौड़ी होगी नहीं, जाम फिर भी लगता रहेगा। वहीं बिजली विभाग इन खंभों को हटाने के लिए नगर पालिका से 80 लाख रुपये मांग रहा है, जबकि शासन से 81 लाख रुपये पालिका को पहले ही भेजे जा चुके हैं, जिसे देने के लिए पालिका राजी नहीं। पालिका प्रशासन के मुताबिक, बिना खंभे हटवाए ही इस रोड का निर्माण कराया जाएगा।
खीरी रोड पर नगर पालिका ने पिछले साल सौजन्या तिराहे से नहरिया तक 600 मीटर लंबा डिवाइडर बनवा दिया, जिससे शहरवासियों के लिये मुश्किल खड़ी हो गई। क्योंकि इस दूरी में फुटपाथ पर अवैध कब्जा, बिजली के खंभे और खड़े पेड़ों की वजह से सड़क बेहद संकरी हो गई है।
विज्ञापन

इस रोड पर अक्सर लगने वाले जाम को देखते हुए छह महीने पहले पालिका प्रशासन ने सड़क चौड़ी करने के लिए बिजली विभाग को खंभे हटवाने के लिए पत्र लिखा था, जिस पर विभाग ने पालिका से खर्च के एवज में 80 लाख रुपये की मांग की। इस बाबत पालिका ने जब शासन को लिखा तो सरकार ने विद्युत पोल हटवाने के लिए नगर पालिका को 81 लाख रुपये जारी कर दिए।
धनराशि मिलने के बाद अब नगर पालिका के सुर बदल गए। एक तरफ बिजली विभाग खंभे हटाने के लिए शासन से स्वीकृत हो चुके 81 लाख की धनराशि की राह तक रहा है तो उधर नगर पालिका मामले को टालने में लगी है। दोनों विभागों की खींचतान में सौजन्या तिराहे से नहरिया तक लगे खंभे अब तक नहीं हट सके हैं। ऐसे में सड़क पर बने डिवाइडर, फुटपाथ पर लगे बिजली के खंभे और पेड़ों के कारण लोग अक्सर जाम में फंसकर परेशान हो रहे हैं।
पालिका ने दी पहले सड़क बनाने फिर खंभे हटाने की दलील
पालिका प्रशासन खंभों को न हटवाकर पहले हॉटमिक्स से सड़क का निर्माण कराएगी। इसका टेंडर कराने की कवायद शुरू हो गई है। फिलहाल बिना बिजली के खंभे और पेड़ हटाए रोड का बनना लोगों के गले नहीं उतर रहा। लोगों का कहना है कि यह तो सरकारी पैसों को बरबादी है। बाद में खंभे और पेड़ हटवाने से रोड क्षतिग्रस्त होगी। बिना इन्हें हटवाए सड़क निर्माण करा देने से नगरवासियों का भला नहीं होने वाला।
हादसे को अंजाम दे सकते हैं जर्जर खंभे
हॉटमिक्स रोड बनने के बाद इस पर रोडवेज बसों से लेकर अन्य भारी भरकम वाहन सरपट दौड़ेंगे, ऐसे में हर समय हादसे का डर बना रहेगा। कारण, फुटपाथ पर लगे 11 हजार विद्युत लाइन के पोल की स्थित भी बेहद जर्जर है, जो वाहनों की हल्की ठोकर से ही गिरकर बड़े हादसे को अंजाम दे सकते हैं।
सौजन्या तिराहे से नहरिया तक फुटपाथ पर लगे बिजली के खंभे एवं विद्युत लाइन हटाने के लिए छह माह पहले ही नगर पालिका को करीब 80 लाख का इस्टीमेट बनाकर भेजा गया था, लेकिन अभी पालिका की ओर से धनराशि नहीं दी गई है। धनराशि मिलते ही विद्युत पोल और लाइन हटवाने का काम शुरू करा दिया जाएगा।
विज्ञापन

- प्रदीप कुमार, एक्सईन बिजली विभाग
डीएम का निर्देश है। इसलिए अगले माह हॉटमिक्स से सड़क का निर्माण होना शुरू हो जाएगा। रही बात बिजली के खंभे हटने की तो इसमें लंबा समय लगेगा। इसलिए पहले रोड का निर्माण होगा, जिससे लोगों का आवागमन में दिक्क्त न होने पाए।
- आरआर अंबेश अधिशासी अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें