एक सप्ताह में शेष कार्य पूरा होने की उम्मीद, सीएम या डिप्टी सीएम करेंगे उद्घाटन
लखीमपुर खीरी। जनपद के 15 ब्लॉकों में एक-एक ग्राम पंचायत को स्मार्ट विलेज के तौर पर विकसित किया जाना है, जिस कड़ी में मितौली ब्लॉक की ग्राम पंचायत रेवाना सबसे आगे है। ग्राम पंचायत के प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं, जिसका कंट्रोल रूम कम्यूनिटी हाल में बनाया गया है। वहीं हाईमास्ट लगाए जाने से रात में सड़कें दूधिया रोशनी से जगमग होने लगी हैं। एक सप्ताह में शेष कार्य भी पूरे हो जाएंगे, जिससे जनपद का पहला स्मार्ट विलेज के तौर पर ग्राम पंचायत रेवाना गौरवान्वित होगा।
मितौली क्षेत्र के कस्ता-सीतापुर मार्ग पर स्थित ग्राम पंचायत रेवाना का स्मार्ट विलेज के तौर पर करीब एक माह पहले चयन हुआ था, जिसके बाद बीडीओ चंदन देव पांडेय के नेतृत्व में ग्राम पंचायत को स्मार्ट विलेज बनाने के लिए कामकाज शुरू हुआ था। वहीं अन्य 14 ब्लॉकों में चयनित स्मार्ट विलेज में निर्धारित पैरामीटर्स पर अभी तेजी देखने को नहीं मिली है। इससे स्मार्ट विलेज की दौड़ में ग्राम पंचायत रेवाना सबसे आगे जाती दिख रही है, जहां पर एक सप्ताह में शेष कार्य पूर्ण कराने का दावा अधिकारी कर रहे हैं। साथ ही स्मार्ट विलेज के उद्घाटन की भी तैयारियां तेज हो गई हैं। अधिकारी बताते हैं कि स्मार्ट विलेज के उद्घाटन समारोह में सीएम या डिप्टी सीएम शामिल हो सकते हैं, जिसके कारण अधिकारी दिन-रात एक करके सभी मानकों को पूर्ण कराने में जुटे हैं।
स्मार्ट विलेज के लिए शासन ने कुल दस मानकों में कई बिंदुओं को शामिल किया हैै। इन मानकों के मुताबिक ग्राम पंचायत में कम से काम आठ सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हैं, लेकिन रेवाना में दोगुने 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सड़कों के किनारे स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं और दो हाई मास्ट लाइट भी लगाई गई हैं। गांव की सभी गलियां इंटरलॉकिंग हो गई हैं। इसके अलावा पार्क विकसित कर उसमें खेलकूद के उपकरण लगाए गए हैं और तालाबों का सौंदर्यीकरण कराया गया है। गांव में पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाया गया है और टीवी हाल बनाया गया है। सभी घरों में पाइप पेयजल सप्लाई चालू कर दी गई है।
सचिव राजेंद्र प्रसाद भार्गव टीम सहित स्मार्ट विलेज के शेष मानकों को पूर्ण कराने के लिए इसी गांव में डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने बताया कि कुल मानकों के सापेक्ष अधिकांश कार्य पूर्ण करा लिए गए हैं। शेष कार्यों को भी एक सप्ताह के अंदर पूर्ण करा लिया जाएगा।
इसी गांव में पीएम आवास योजना के तहत आवासीय कॉलोनी बनाई गई है, जिसे कुंभी ब्लॉक की ग्राम पंचायत लंदनपुर ग्रंट में बनी आवासीय कॉलोनी के तौर पर विकसित किया जा रहा है।
मितौली की ग्राम पंचायत रेवाना को स्मार्ट विलेज बनाने के लिए एक माह से लगातार तेजी से कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे अन्य ब्लॉकों के मुकाबले स्मार्ट विलेज की दौड़ में रेवाना सबसे आगे चल रहा है। एक सप्ताह में शेष कार्य पूर्ण होने की उम्मीद है, जिसके बाद समारोहपूर्वक उद्घाटन किया जाएगा। - सौम्य शील सिंह, डीपीआरओ