लखीमपुर खीरी। बृहस्पतिवार रात जिले भर में करीब चार हजार स्थानों पर धूमधाम से होलिका दहन हुआ। इसके लिए बृहस्पतिवार को लोगों ने पूजन आदि के लिए गेहूं की बाली, टेशू के फूल और गोबर के उपले खरीदे। आज अबीर गुलाल के साथ फागुन मास का रंगोत्सव जिलेभर में मनाया जाएगा।
होली की तैयारी पिछले करीब एक सप्ताह से चल रही थी। बृहस्पतिवार रात शुभ मुहूर्त में विधि विधान से होलिका दहन हुआ। इसके लिए लोगों ने गेेहूं की बाली, टेशू के फूल और गोबर के उपले खरीदे। त्योहार को लेकर दस रुपये की आठ बाली और सात उपले बिके। इसके बाद शुक्रवार की सुबह आज जिले में परंपरागत रूप से एक दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर रंगोत्सव पर्व धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। संवाद
मोहम्मदी में भी 190 जगह होलिका दहन
मोहम्मदी। बाजारों में रंग और पिचकारी की दुकानें सज गई हैं। लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। नगर में भीड़-भाड़ वाले इलाके में पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। नगर के बाजार गंज, पुतन्नी चौराहा, अस्पताल रोड, शुक्लापुर चौराहे आदि जगहों पर पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में 190 जगहों पर होलिका दहन हुआ। संवाद
महिलाओं ने श्रद्धा से किया होलिका पूजन
बांकेगंज। मोहल्ला अमीन नगर गांव में होलिका दहन स्थल पर अग्नि प्रज्ज्वलित होने से पहले बृहस्पतिवार शाम कस्बे की श्रद्धालु महिलाओं ने होलिका का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। श्रद्धालु ग्रामीणों ने होलिका स्थल पर लकड़ी और कंडे के ढेर लगाकर फूल-पत्तियों से सजाया गया। वहीं पुलिस ने होली पर अमन चैन और सुरक्षा बरकरार रखने के लिए सीओ गोला राजेश कुमार के नेतृत्व में चौकसी बढ़ा दी है।
मैलानी। होलिका दहन से पूर्व यहां महिलाओं ने होली की पूजा की। पूर्वाह्न से ही खासकर अग्रसेन समाज की महिलाएं स्टेशन चौराहा स्थित होलिका स्थल पहुंचने लगीं। अधिकांश महिलाओं ने सुर्ख जोड़ा धारण कर होली की पूजा कर गोबर से बने बल्ले, जौ की बालियां आदि चढ़ाकर होलिका में कच्चा धागा लपेट परिवार की सुख, समृद्घि और धन-धान्य की कामना की। यह सिलसिला दोपहर तक चलता रहा। संवाद