लखीमपुर खीरी। जिले में संक्रामक बीमारियों का प्रकोप थम नहीं रहा है। बच्चों से लेकर बड़े तक बुखार की चपेट में हैं। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल के चिल्ड्रन वार्ड में बुखार पीड़ित एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि पांच बच्चों का इलाज चल रहा है। उधर, सिकंद्राबाद में पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों सहित छह लोग बुखार की चपेट में हैं। मच्छरजनति बीमारियों को लेकर कस्बेवासियों में दहशत है।
बुखार आने पर फूलबेहड़ निवासी प्रमोद कुमार दो वर्षीय पुत्र राजवीर, नीमगांव निवासी संदीप छह वर्षीय पुत्र रुद्र, हाथीपुर निवासी संजय गुप्ता चार वर्षीय पुत्री बेबी, धौरहरा निवासी मौजीलाल पांच वर्षीय पुत्री प्रीती, पिपरिया निवासी भरतप्रसाद ढ़ाई वर्षीय पुत्री आरूषी, रेहुआ निवासी रमाकांत दस वर्षीय पुत्र शिवशंकर एवं खमरिया निवासी असलम साढ़े तीन वर्षीय पुत्र इरम को लेकर जिला अस्पताल आए। हालत गंभीर होने पर सभी को चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू करा दिया गया है। इस दौरान बृहस्पतिवार को इरम की मौत हो गई।
सिकंद्राबाद। बुखार की चपेट में आकर चौकी के दीवान शोभनाथ चौहान की जांच में छह हजार प्लेटलेट्स निकलीं। इस पर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। जहां पर आईसीयू में इलाज चल रहा है। चौकी पर तैनात आरक्षी सुरेंद्र दुबे की प्लेटलेटस भी जांच में कम निकली है। इनके साथ बुखार पीड़ित नईम जिला अस्पताल में भर्ती हैं।
तुषार शुक्ला, सोना, मोनू गुप्ता, विमलेश सिंह, उपेंद्र सिंह सहित कई लोग बुुखार की चपेट में आकर इलाज करा रहे हैं। कस्बे में पांव पसार रहे बुखार का कारण गंदगी और जलभराव है। चौकी से लेकर दुकानों तक के पीछे गंदगी के ढेर लगे हैं। संक्रामक बीमारियों को लेकर कस्बावासियों में दहशत है।
पीएचसी सिकंद्राबाद प्रभारी डॉ.एसपी अवस्थी ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण वायरल फीवर चल रहा है। ऐसे में सावधानी बरतने की जरूरत है। सीएचसी प्रभारी डॉ. गनेश प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार को टीम भेजकर जांच कराकर एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जाएगा।
सिकंद्राबाद ग्रांम पंचायत की आबादी करीब दस हजार है और सफाई कर्मचारी एक है। इस कारण सफाई नियमित नहीं हो पा रही है। ग्राम पंचायत समितियो का गठन न होने के कारण कोई कार्यवाही भी नहीं कर पा रहा हूं। - अशोक गुप्ता, प्रधान ग्राम पंचायत सिकंद्राबाद
मच्छर जनित बीमारियां
- मलेरिया-104
- डेंगू- 14
- एईएस-28
- जेई-पांच
- कालाजार-दो