दादी और पोते की मौत से गांव में मातमी सन्नाटा
मितौली क्षेत्र के कस्ता में शनिवार देर शाम तेज रफ्तार इको कार चालक ने पांच लोगों को रौंद दिया था। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल तीसरे व्यक्ति की भी मौत हो गई। दो की मौके पर ही मौत हो गई थी। दो घायलों का इलाज लखनऊ में चल रहा है।
मितौली थाना इलाके में कस्ता ईदगाह और यहां से एक किलोमीटर के दायरे में साइकिल और बाइक सवार पांच लोगों को इको कार चालक चौमी कश्यप निवासी सैदरी लखीमपुर ने रौंदा था। हादसे में 15 साल के किशोर सहित दो लोगों की जिला अस्पताल में मौत हो गई थी, जबकि दो तीन गंभीर घायलों को लखनऊ रेफर किया था। इलाज के दौरान रामश्री 55 पत्नी बांकेलाल निवासी रसूलपुर की मौत हो गई।
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतका के पुत्र सुशील ने बताया कि उसकी मां मायके पकरिया जा रही थी। वह पोते प्रिंस के साथ साइकिल से जा रही थीं। हादसे में दादी और पोते की मौत हो गई। चालक ने करीब पांच सौ मीटर दूर ईंट भट्ठे के पास साइकिल सवार जगजीवन निवासी बहमनाबाद थाना नीमगांव को टक्कर मार दी थी।
इसके बाद उसने सरायन नदी पुल के आगे बाइक सवार मितौली क्षेत्र के पकरिया निवासी श्याम नारायण व गोलू निवासी महेवा थाना महोली को टक्कर मारी। दो घायलों में गोलू निवासी महेवा थाना महोली का इलाज लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। जबकि दूसरे घायल जगजीवन निवासी बहमनाबाद का इलाज लखीमपुर में चल रहा है।