बाहरी के बजाय लोकल सैलानियों की रही ज्यादा आमद
दो शिफ्टों में सैलानियों ने किया पार्क का भ्रमण, नहीं दिखा बाघ
पलियाकलां। नए साल के पहले दिन दुधवा नेशनल पार्क में सैलानियों की अच्छी भीड़ रही। हालांकि इनमें लोकल की भीड़ ज्यादा थी। सुबह से शाम तक सैलानियों ने दो शिफ्टों में पार्क का भ्रमण किया।
सुबह सात बजे से ही दुधवा नेशनल पार्क के पर्यटन परिसर में सैलानियों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। इसमें अधिकांश पहले से ही ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले सैलानी थे, लेकिन दस बजे के बाद लोकल सैलानी पहुंचने लगे। हालांकि जंगल भ्रमण करने के लिए पहले से ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले सैलानी ही भेजे गए। दूसरी शिफ्ट में लखनऊ, बरेली, शाहजहांपुर, कानपुर आदि के सैलानी पार्क भ्रमण के लिए भेजे गए। हालांकि नए साल के पहले दिन किसी भी शिफ्ट में सैलानियों को बाघ के दर्शन नहीं हो सके। हालांकि चीतल, बारहसिंघा के जरूर सैलानियों ने दीदार किए। वहीं हाथी घर में बंधे हाथियों को देखकर भी सैलानियों ने खुशी का इजहार किया। सेल्फी लेने के साथ ही हाथियों को चारा खिलाकर सैलानियों ने नए साल का जश्न मनाया।
दो बजे ही स्वागत कक्ष हो गया था फुल
जंगल भ्रमण के लिए दूसरी शिफ्ट में दोपहर ढाई बजे सैलानियों को पार्क का भ्रमण कराया जाता है, लेकिन नए साल के पहले दिन ही स्वागत कक्ष दोपहर दो बजे ही हाउसफुल हो गया। इसमें कुछ सैलानियों ने ऑनलाइन बुकिंग कराई हुई थी, जिनको गाइड और जिप्सी उपलब्ध कराई गई, बाकी सैलानियों को आकस्मिक रूप से जिप्सी आदि दी गई। जिसके कारण स्वागत कक्ष में सैलानियों की भीड़ का तांता लगा रहा।
मचान और वीवीआईपी रेस्ट हाउस बना आकर्षण का केंद्र
दुधवा में शनिवार को पहले दिन लोकल सैलानियों की आमद ज्यादा होने के कारण मचान पर खासी भीड़ रही। वहीं वीवीआईपी रेस्ट हाउस भी सैलानियों के आकर्षण का केंद्र रहा। यहां सैलानियों की फोटो खिंचवाने को लेकर काफी भीड़भाड़ रही।
सुहेली, नकउहा नाले पर लगी रहीं कतारें
सुहेली नदी पुल और नकउहा नाले पर बने सेल्फी प्वाइंट पर सुबह से लेकर देर शाम पांच बजे तक सैलानियों की भीड़ लगी रही। नकउहा नाले पर धूप सेंकते मगरमच्छ भी सैलानियों के आकर्षण का केंद्र रहे। यहां देर शाम तक करीब एक दर्जन गाड़ियों का काफिला जमा रहा।
गौरीफंटा जाने वाली रोड
तक खड़े रहे वाहन
लोकल सैलानियों की आमद इतनी ज्यादा थी कि दुधवा नेशनल पार्क के बाहर पार्किंग स्थल हाउसफुल हो गया था। गौरीफंटा जाने वाली रोड के किनारे तक सैलानियों के वाहन खड़े रहे। जिससे गौरीफंटा, चंदनचौकी जाने वाले लोग भी काफी बचाव कर रोड से गुजरते दिखे। देर शाम तक वाहनों की कतारें लगी रहीं।
सात जनवरी तक दुधवा हाउसफुल
वन निगम के सूत्रों के मुताबिक, तीन, चार, पांच व छह जनवरी को कुछ हट खाली थे। अब उनकी भी बुकिंग हो चुकी हैं। ऐसे में सात जनवरी तक दुधवा नेशनल पार्क पूरी तरह से हाउसफुल हो चुका है।
होटलों में जुटने लगी सैलानियों की भीड़
दुधवा नेशनल पार्क हाउसफुल होने के बाद पलिया के होटलों में सैलानियों की भीड़ लगने लगी है। शहर की दुधवा रोड, बाईपास रोड, स्टेशन रोड पर शनिवार को पूरे दिन गाड़ियों का जमघट रहा। पता चला कि बाहरी सैलानी आए हैं और होटलों में कमरा लेने के लिए उनकी गाड़ियां खड़ी हुई हैं।