- गोकर्णतीर्थ में डूबकर बदायूं के किशोर की मौत
- तीर्थ के चबूतरे पर मिला वृद्धा का शव
सावन मेला में आए दो श्रद्धालुओं के शव शिव मंदिर के पास मिले। बदायूं से आए और गोकर्ण तीर्थ में नहाने गए किशोर की डूबकर मौत हो गई, वहीं तीर्थ के निकट चबूतरे पर वृद्धा का लावारिस शव मिला। पुलिस ने दोनों शवों को सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गोकर्ण तीर्थ के पौराणिक शिव मंदिर के निकट गोकर्ण तीर्थ में जिला बदायूं के गांव अल्लापुर निवासी संतोष कुमार का 17 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार सुबह नहाने गया था, जिसकी तीर्थ में डूबकर मौत हो गई है। मृतक के पिता संतोष कुमार ने रोते हुए बताया कि वह चार वर्ष से सावन माह में अपने गांव के कई लोगों के साथ गोला में राखी की दुकान लेकर आते हैं। इस वर्ष भी वह अपने पुत्र अभिषेक कुमार और गांव के लोगों के साथ राखी की दुकान लेकर आए हैं, जिसे उन्होंने मिल डायवर्जन रोड पर तीर्थ के निकट लगाया है। सुबह अभिषेक तीर्थ में नहाने के लिए गया था, काफी समय के बाद जब वह नहीं लौटा तो वह उसे ढूंढने तीर्थ पर गए तो देखा कि सीढ़ियों पर उसके कपड़े रखे मिले, किंतु अभिषेक का कोई पता नहीं था। अचानक उनकी नजर पानी में पडे़ अभिषेक पर पड़ी। वह आननफानन में उसे लेकर सीएचसी पहुंचे जहां डॉक्टरों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि उनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिसमें अभिषेक दूसरे नंबर पर था। किशोर के डूबने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुछ देर बाद गोकर्ण तीर्थ के दक्षिण ओर महादेवा धर्मशाला के सामने बने चबूतरे पर एक लावारिस वृद्धा का शव मिला है, जिसकी उम्र लगभग 85 वर्ष है। तीर्थ के दुकानदारों ने बताया कि इस मृतका को पांच अगस्त को मंदिर के इर्द गिर्द देखा गया था, जो काफी बीमार और कमजोर थी, शव मिलने से कुछ समय पहले भी उसे मंदिर की सीढ़ियों पर बैठे देखा गया था। सूचना पर पहुंचे एसएसआई जनार्दन प्रताप सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।