गुरुवार को बाइक खड़ी करने को लेकर हुआ था विवाद
जिपंस, प्रधान नामजद, 20 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बाइक खड़ी करने को लेकर गुरुवार को हुए विवाद से नाराज कई लोग लाठी-डंडों और धारदार हथियार से लैस होकर कपड़ा व्यापारी गुड्डन की दुकान में घुस गए और मारपीट की। घटना से गुस्साए व्यापारी पीड़ित व्यापारी और घायलों को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य, प्रधान को नामजद कर 18-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
कसबे के रसगुल्ला गली में गुड्डन रेडीमेड की दुकान है। गुरुवार की शाम बाइक खड़ी करने को लेकर गुड्डन का विवाद हो गया था। शुक्रवार को अचानक कई लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर उसकी दुकान में घुस गए। दुकान पर बैठे गुड्डन के भतीजे प्रांशु और उमेश मिश्रा की पिटाई शुरू कर दी। इससे वहां भगदड़ मच गई। शोर शराबा सुनकर भाई अरविंद मिश्रा, सुरेंद्र रस्तोगी, अमित आदि बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी पीट दिया। बीचबचाव करने पहुंचे व्यापारियों से भी हमलावर भिड़ गए। काफी देर तक चली गहमागहमी के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। इससे व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया। व्यापारी पीड़ित दुकान स्वामी गुड्डन और घायलों को लेकर लेकर थाना मैगलगंज पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। इंस्पेक्टर विपिन कुमार सिंह ने बताया कि घायल उमेश मिश्रा की ओर से गांव कठकोरवा निवासी जिला पंचायत सदस्य जोगा सिंह, प्रधान छत्तपुर जसपाल सिंह, मेहर सिंह व बिल्लू सिंह को नामजद कर 20 अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।