बल्ली उर्फ बलराम हत्याकांड : पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर की नारेबाजी
गांव अमेठी में हुए बल्ली उर्फ बलराम हत्याकांड के दो आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विधायक बाला प्रसाद अवस्थी के साथ जाकर कोतवाली का घेराव किया और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। एसएसआई को ज्ञापन देकर फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की।
बतादें कि पहली जनवरी की रात गांव अमेठी निवासी बल्ली उर्फ बलराम को कुछ लोग सोते समय अगवा कर ले गए थे और उसके घर से 100 मीटर की दूरी पर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने मृतक के भाई प्रताप की ओर से गांव निवासी चुन्नू, सलामुद्दीन, मेंहदी हसन, कोतवाली सदर के मोहल्ला हिदायतनगर निवासी इरफान के अलावा एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। दो दिन पहले पुलिस ने इरफान और मेहंदी हसन को गिरफ्तार कर चालान भेजा था। मुख्य आरोपी चुन्नू व सलामुद्दीन फरार हैं। शुक्रवार को मोहम्मदी के विधायक बाला प्रसाद अवस्थी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण कोतवाली पहुंचे और घेराव कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। एसएसआई दिनेश यादव को ज्ञापन सौंपा। मृतक बलराम के भाई प्रताप का आरोप है कि फरार मुख्य हत्यारोपी और उसके परिवार के लोग लगातार धमकी दे रहे हैं। उसकी जमीन पर कब्जा भी कर लिया है। प्रदर्शनकारियों ने फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने और उसकी जमीन पर किया गया अवैध कब्जा हटाने की मांग की। इसके अलावा दस लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की मांग की। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक दिनेश यादव ने शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी होने और अवैध कब्जा हटवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान रामनारायण दीक्षित, रमाशंकर शुक्ल, मुन्ना त्रिवेदी, सौरभ त्रिवेदी, बुलाकी, कोइलिया महराज, महेश तिवारी, सुकई आदि मौजूद थे।