तीनों की हालत गंभीर, दो लखनऊ रेफर
शहर में अलग-अलग दो स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दो घायलों को हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया।
थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव अच्छनियां निवासी 52 वर्षीय आफाक खां गांव के ही 45 वर्षीय जावेद के साथ बाइक से लखीमपुर आ रहे थे। छाउछ के पास स्थित गैस प्लांट के निकट पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने ओवरटेक कर इनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों लोग बाइक समेत सड़क पर गिर गए। घायल जब तक संभल पाते इसी बीच आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिए दोनों को कुचलते हुए निकल गए। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस 108 दोनों को लेकर जिला अस्पताल लाई, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया। उधर निघासन रोड पर सैधरी के पास एक ट्रक ने सड़क पार कर रहे मोहल्ला सरदारनगर निवासी 60 वर्षीय कप्तान सिंह को कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।