-60 हजार रुपये और जेवर समेत 1.50 लाख का माल लूटा
-नदायल गांव के पास दिनदहाड़े वारदात, पुलिस की सक्रियता पर सवाल
बदमाशों ने सहसवान में दिन दहाड़े भाई-बहन से लूटपाट की। विरोध करने पर लोहे की रॉड मारकर भाई को घायल कर दिया। बदमाश इन लोगों से 60 हजार रुपये नकदी, सोने की चेन, कुंडल लूट कर ले गए। मामले में पुलिस ने एक को नामजद करते हुए तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सहसवान कोतवाली के गांव बैरपुर मानपुर निवासी ओमवीर के बेटे की हाल ही में शादी है। ओमवीर की बहन अपने परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश में रहती है। वहां उसका पति नौकरी करता है। बेटे की शादी में शामिल होने के लिए वह अपनी बहन को हिमाचल प्रदेश से बुलाकर ला रहा था। भाई-बहन सहसवान आने के बाद टेंपो से अपने गांव के लिए चले। दोनों लोग गांव नदायल के पास टेंपो से उतरे। इसी दौरान तीन लोगों ने दोनों को घेर लिया। इन लोगों से 60 हजार रुपये नकदी, सोने की चेन, अंगूठी समेत करीब 1.50 लाख रुपये का माल लूट लिया। ओमवीर ने विरोध किया तो उसे लोहे की रॉड मारकर घायल कर दिया। ओमवीर की तहरीर पर थाना पुलिस ने नदायल निवासी सलमान को नामजद करते हुए तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दिन दहाड़े हुए भाई-बहन से लूट की वारदात के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।