फरधान थाने से चंद कदम दूरी पर हुई वारदात
राजापुर में मकान का ताला तोड़कर उड़ाया हजारों का सामान
चोर एक के बाद एक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। बुधवार की रात चोरों ने जहां सदर कोतवाली के गांव राजापुर में एक घर का ताला तोड़कर हजारों का सामान चोरी कर लिया, वहीं थाना फरधान से चंद कदम दूर स्थित चार दुकानों का ताला तोड़ दिया और एक लाख की नकदी समेत करीब चार लाख के जेवर पर हाथ साफ कर दिया।
शहर से सटे गांव राजापुर निवासी सतीश चंद्र ने बताया कि वह परिवार के साथ शनिवार को लखनऊ गए थे। घर पर ताला पड़ा हुआ था। मेन गेट का ताला तोड़कर चोर घर के अंदर घुस गए और कमरे का ताला खोलकर सामान खंगाल लिया। घटना की जानकारी वापस आने पर हुई। उन्होंने बताया कि चोर हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।
फरधान। कस्बा निवासी पुनीत तिवारी की परचून, रामजी रस्तोगी, गोपाल सोनी, छैल बिहारी वर्मा की सोने-चांदी की दुकानें पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर हैं। दुकानों से करीब 100 मीटर की दूरी पर थाना है। चोरों ने बुधवार की रात चारों दुकानों के शटर का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए। चोर पुनीत तिवारी की दुकान से 20 हजार रुपये और करीब 30 हजार का सामान, रामजी रस्तोगी की दुकान से 60 हजार रुपये और चांदी, गोपाल रस्तोगी की दुकान से छह हजार की नकदी, चार जोड़ी सोने की झुमकी, 12 जोड़ी पायल, आठ चांदी के सिक्के और छैलबिहारी वर्मा की दुकान से 21 हजार रुपये की नकदी, दुकान में रखी डेढ़ किलोग्राम गिरवीं गांठ, चार जोड़ी अंगूठी, गले का हार और 21 चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए। चोरों ने एक अन्य दुकान का भी ताला तोड़ा, लेकिन दुकान खाली होने के कारण उसमें कोई सामान नहीं मिला। घटना की जानकारी सुबह तब हुई जब व्यापारी सुबह दुकान पर पहुंचे। एक ही रात में थाने के सामने हुई वारदात से व्यापारियों में दहशत व्याप्त है। एसओ बृजलाल यादव ने बताया कि व्यापारियों ने चोरी होने की सूचना दी थी। हल्का दरोगा ने मौके का निरीक्षण भी किया था, लेकिन पीड़ित व्यापारियों ने पुलिस को तहरीर नहीं दी।