बक्कशपुरवा गांव में शराब पकडने गई थी पुलिस
युवक की पिटाई से भड़के ग्रामीण
कच्ची शराब बनाने की सूचना पर रविवार की शाम चौकी पुलिस ने बक्कशपुरवा गांव मे छापेमारी की। इस दौरान सिपाहियों ने एक युवक की पिटाई कर दी। ग्रामीणों के विरोध करने पर रायफल तान दी। इससे लोग भड़क उठे और सिपाहियों को दौड़ा लिया।
शीतलापुर ग्राम सभा के बक्कशपुरवा गांव मे कच्ची शराब बनाने जाने की सूचना चौकी पुलिस को मिली थी। रविवार शाम गांव पहुंची पुलिस ने एक स्थान पर छापा मारा। छापे के दौरान मौके पर एक बाइक खड़ी मिली। पुलिस ने बाइक को कब्जे मे लेने का प्रयास किया। इस पर बाइक स्वामी ने विरोध किया और शराब से दूर दूर तक उसका नाता न होने की बात कही। उसने बताया कि वह कई बार खुद अवैध शराब की शिकायत पुलिस और अधिकारियो से कर चुका है। इस पर पुलिस ने उसकी एक न सुनी और अपने अंदाज मे बोलती रही। आरोप है कि टीम मे मौजूद सिपाही ने उसकी पिटाई कर दी। शोरगुल होने पर कई लोग मौके पर आ गए। आरोप है कि भीड़ बढ़ती देख सिपाही ने ग्रामीणों पर रायफल तान दी। इससे ग्रामीण भड़क गए और सिपाहियों को दौड़ा लिया। जिस पर सिपाही मौके से रफूचक्कर हो गए। सदर कोतवाल दीपक शुक्ल ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।