पीलीभीत-बस्ती हाइवे पर रामापुर चौकी क्षेत्र में हुई वारदात
पीलीभीत-बस्ती हाइवे पर रामापुर चौकी क्षेत्र में लगातार लूट की वारदातें हो रहीं है, लेकिन पुलिस पीड़ितों को मौके पर ही समझा- बुझाकर कोतवाली तक नहीं आने देती। रविवार की शाम बाइक सवार दो लुटेरों ने बेड़नापुर के पास तमंचे के बल पर एक युवक की बाइक रोक ली और उसकी पिटाई कर पांच हजार रुपये की नगदी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर रामापुर चौकी पुलिस को दी है।
गांव पकरिया निवासी शौकत अली ने बताया कि वह गांव के ही अपने एक साथी के साथ रविवार की सुबह लखीमपुर आए थे। शाम को दोनों लोग बाइक से घर वापस जा रहे थे। पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर रामापुर पुलिस चौकी क्षेत्र में पुल के निकट बाइक सवार दो युवकों ने ओवरटेक कर उसकी बाइक रोक ली और असलहों के बल पर पांच हजार रुपये की नगदी लूटकर भाग निकले। बदमाशों के भाग जाने के बाद उन्होंने शोर मचाया, लेकिन जब तक कुछ लोग समझ पाते बदमाश आंखों से ओझल हो गए। घटना के बाद मौके पर कई लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। चौकी पुलिस लुटेरों की सुरागरसी करने के बजाय पीड़ित से ही पूछताछ में जुट गई। पीड़ित ने घटना की तहरीर रामापुर चौकी पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। सदर कोतवाल दीपक शुक्ल ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं हैं। यदि वारदात हुई है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।