चोरी के शक में ग्रामीणों ने रविवार सुबह एक युवक की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। युवक के पास से चोरी की नकदी और घरेलू सामान बरामद होने का दावा किया गया है। पुलिस भी उसे शातिर चोर बता रही है।
सदर कोतवाली के सिसौना गांव निवासी रामकुमार के घर से शनिवार रात चोरों ने गैस सिलेंडर और चूल्हा समेत कई बर्तन पार कर दिए। इसके बाद चोर पड़ोसी संतोष के घर में घुसे। बताते हैं यहां चोरों ने बाइक की डिग्गी से पांच हजार रुपये उड़ा दिए। रविवार सुबह घर वाले जागे तो उन्हे चोरी की जानकारी हुई। आस पास तलाशा गया लेकिन कुछ नहीं मिला। इस बीच कुछ ग्रामीण खेत की ओर गए तो वहां एक युवक नशे में धुत पड़ा मिला। बताते हैं समीप ही गैस सिलेंडर और बर्तन भी पड़े थे। यह खबर गांव में फैली तो लोगों का मजमा लग गया। इस बीच रामकुमार और संतोष भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बरामद सामान को अपना बताते हुए आरोपी युवक से कड़ाई से पूछताछ की। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक की धुनाई कर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। इस बाबत कोतवाल ने बताया कि आरोपी युवक हाल ही में जेल से छूटकर आया है।