बैग में स्टांप भी रखे थे, पीड़ित ने सदर कोतवाली में दी तहरीर
तहसील परिसर में तख्त पर रखा स्टांप विक्रेता का नोटों से भरा थैला कोई उचक्का लेकर फरार हो गया। थैले में 4.56 लाख की नकदी और एक लाख 33 हजार 500 रुपये के स्टांप थे। स्टांप विक्रेता ने घटना की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी है। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी राजेश सिंह स्टांप विक्रेता हैं। वह तहसील परिसर में तख्त पर अपना बैग रखकर 10 कदम दूरी पर एक अन्य व्यक्ति से पैसा लेने चले गए। पांच मिनट में जब वह लौटे तो बैग गायब था। यह देखकर उनके होश उड़ गए। बैग गायब होने की सूचना पर तमाम लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने आसपास बैग की तलाश की, लेकिन बैग का कोई पता नहीं चल सका। स्टांप विक्रेता ने बताया कि बैग में 4.56 लाख रुपये और 1.33.500 के स्टांप रखे थे। वह रुपये बैंक में जमा करने के लिए जा रहा थे। पीड़ित ने घटना की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी है। सदर कोतवाल एसपी उपाध्याय का कहना है कि इतनी लंबी रकम रखकर बैग लावारिस हालत में छोड़ देना गले से नीचे नहीं उतर रहा है। प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही हैं। मामले की जांच संकटा देवी पुलिस चौकी इंचार्ज को दी गई है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।