दो दिन पहले सुतेहरा में हूटर लगाकर किया था चुनाव प्रचार
एसडीएम मितौली मंशाराम वर्मा के आदेश पर कस्ता से सपा विधायक के ब्लाक प्रमुख भाई के खिलाफ नीमगांव थाने में आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज हुआ है। दो दिन पूर्व सुतेहरा में एसडीएम और एसओ नीमगांव ने हूटर लगी स्कार्पियो कार पकड़ी थी, जिससे ब्लाक प्रमुख चुनाव प्रचार कर रहे थे।
कस्ता से सपा विधायक सुनील कुमार लाला के भाई ब्लाक प्रमुख मितौली रामखेलावन उर्फ छोटे बृहस्पतिवार को क्षेत्र में चुनाव प्रचार पर निकले थे। वह स्कार्पियो गाड़ी से थे, जिस पर हूटर लगा हुआ था। भ्रमण के दौरान वह सुतेहरा में थे तभी किसी ने इसकी सूचना एसडीएम मितौली को दी, जिसके बाद एसडीएम और एसओ आलोक मणि त्रिपाठी के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने गाड़ी में लगा हूटर उतरवाकर चेतावनी दी। एसओ आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि एसडीएम के आदेश पर आरोपी मितौली ब्लाक प्रमुख रामखेलावन उर्फ छोटे के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई।