काला बाजारी के लिए ले जाए जा रहे खाद्यान को एक ग्रामीण ने पकड़ कर पूर्ति
निरीक्षक के हवाले कर दिया। कस्ता कस्बे में ठेलिया पर लदा हुआ छह बोरी
चावल ले जाया जा रहा था, तभी कस्ता निवासी शिवकैलाश दीक्षित ने पकड़कर
एसडीएम मितौली को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे पूर्ति निरीक्षक अशोक गुप्ता ने जांच कर बरामद चावल को गनेशपुर के कोटेदार के सुपुर्द कर दिया। इस बाबत उन्होंने बताया कि बरामद चावल घरेलू बोरियों में है। जिससे कुछ स्पष्ट नहीं हो पा रहा है, जबकि मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि सुबह चार बजे ठेलिया पर लदा चावल कोटेदार कस्ता के घर की तरफ से जा रहा था। अंधेरे में जा रहा यह चावल किसी ग्रामीण का नहीं हो सकता। इस दौरान वहां बढ़ती भीड़ देख कर ठेलिया चालक मौके से रफूचक्कर हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्ति निरीक्षक संबंधित कोटेदार का पक्ष ले रहे हैं, जबकि पकड़ा गया चावल कालाबाजारी के लिए जा रहा था। इस मामले में अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।