एक ही रात में तीन अलग-अलग जगहों पर धावा बोलकर चोर लाखों का माल उड़ा ले गए। नगरवासियों का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता से चोरों के हौसले बुलंद हैं।
सोमवार रात खुटार रोड स्थित मोहल्ला ईदगाह निवासी सपा नेता और व्यवसायी सिराज अहमद के घर की चोरों ने मुख्य दरवाजे की कुंडी तोड़कर नगदी और जेवर समेत लाखों का माल पार कर लिया। सिराज अहमद ने बताया कि वह घर पर ताला डालकर परिवार समेत संसारपुर स्थित अपनी ससुराल गए हुए थे। मंगलवार सुबह जब वह परिवार समेत वापस आए तो मुख्य दरवाजे की कुं डी टूटी थी। अंदर गए तो कमरे का ताला और सेफ टूटी मिली। बताया कि उनकी मेला मैदान में पापुलर क्लाथ स्टोर के नाम से कपड़े की दुकान है। होली की बिक्री के दौरान दुकान का 95 हजार रुपये और उनकी पत्नी का लगभग दो लाख रुपये का जेवर सेफ में रखा था, जिसे चोरों ने चोरी कर लिया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
इसी क्रम में मिल रोड पर अर्जुननगर कॉलोनी निवासी नवीन गुप्ता की नवीन कांफेक्शनरी के नाम से नमकीन-बिस्कुट की दुकान है। 9/10 की रात को चोरों ने दुकान के पीछे से टिन उखाड़ कर तिजोरी में रखे 18 हजार रुपये चोरी कर लिए तो मुन्नूगंज निवासी नदीम अहमद के नदीम स्टोर की पीछे टिन उखाड़कर गुल्लक में रखे पांच हजार रुपये नगद और लगभग तीन हजार रुपये की रेजगारी चोरी कर ली। सूचना पुलिस को दे दी गई है।
चंद कदमों की दूरी पर कोतवाली और सीओ आफिस
कंफेक्शनरी की दुकानों से चंद कदमों की दूरी पर सीओ आफिस और कोतवाली है। मिल रोड नगर का सबसे व्यस्ततम मार्ग है जिस पर रातभर आवागमन और पुलिस की गश्त बनी रहती है फिर भी चोरों के हौसले बुलंद हैं।