फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो महिलाओं का कत्ल

Wed, 22 Jul 2015 06:38 PM IST
लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
विज्ञापन
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो महिलाओं की धारदार हथियारों से प्रहार कर हत्या कर दी गई। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बाबूराम सर्राफनगर में मंगलवार की रात करीब पौने 11 बजे एक महिला की उसके पति ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी, जिसके बाद कोतवाली पहुंचकर हत्यारोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। वहीं मैगलगंज थाना क्षेत्र के गांव बेहड़ा लाल में 50 वर्षीय विधवा महिला का गला काटकर हत्या कर दी गई। दोनों ही मामलों में पुलिस उच्चाधिकारियों ने मौका मुआयना कर हत्यारोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी की हैै।
विज्ञापन

अवैध संबंधों के शक में पत्नी की जान ली
सदर कोतवाली की महेवागंज चौकी क्षेत्र के मोहल्ला बाबूराम सर्राफनगर निवासी लवकुश पांडे ने मंगलवार की रात अपनी पत्नी 26 वर्षीय स्नेहा की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी, जिसके बाद हत्यारे पति ने कोतवाली पहुंचकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। इस पर पुलिस ने पत्नीहंता को हिरासत में ले लिया। वहीं उसके दो बच्चों समेत परिवार के अन्य सदस्य फरार हो गए। सीओ सिटी एमपी सिंह और कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। पत्नीहंता लवकुश पांडे की शादी आठ मई 2009 को भीरा क्षेत्र के गांव मुड़िया हेमसिंह निवासी निगम निकेत कुमार की पुत्री स्नेहा से हुई थी, जिससे दो बच्चे पांच वर्षीय आराध्या और दो वर्षीय ओमजी हैं। लवकुश का आरोप है कि स्नेहा का किसी से अवैध संबंध था, जिसका उसने कई बार विरोध भी किया। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर लवकुश और स्नेहा के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद लवकुश नाराज होकर स्टेशन पर चला गया, जहां उसने हत्या कर स्नेहा को रास्ते से हटाने का प्लान बना डाला। कुछ देर बाद वह घर पहुंचा और चाकू से स्नेहा पर प्रहार शुरू कर दिए, जिसके बचाव में स्नेहा घर में भागती रही। इस दौरान लवकुश ने स्नेहा के शरीर पर चाकू से सात प्रहार किए, जिससे स्नेहा की मौत हो गई। मृतका के पिता निगम निकेत कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर पत्नीहंता लवकुश पांडे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि हत्याभियुक्त लवकुश को गिरफ्तार कर चालान भेजा गया है। मामले की विवेचना की जा रही है।
चौकी पुलिस पर लापरवाही का आरोप
मृतका के पिता निगम निकेत कुमार ने बताया है कि स्नेहा मायके से 19 जुलाई को ससुराल आई थी। तब पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था और लवकुश ने स्नेहा की पिटाई की थी। इसके बाद स्नेहा के भाई प्रांशू शर्मा ने महेवागंज चौकी पुलिस को लवकुश के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिसका परिणाम स्नेहा की हत्या के रूप से सामने आया हैै। मृतका के पिता का आरोप यह भी उसका दामाद मजदूरी करता था और शराब पीने का आदी था, जिससे आए दिन पैसे की डिमांड करता रहता था।
विज्ञापन

जमीन के लालच में देवर ने किया भाभी को मौत के घाट उतारा
मैगलगंज। थाना क्षेत्र के गांव बेहड़ा लाल में मंगलवार की रात जमीन की खातिर देवर ने विधवा भाभी का कत्ल कर दिया। बेहड़ा लाल निवासी मोजिमा बानो के पति रहमान की मौत होने के बाद 35 बीघा जमीन उसके नाम आ गई थी। उसकी कोई संतान नहीं थी, लिहाजा उसने बहनौता हसमत को अपने पास रखा था। जबकि उसके देवर नसरुल्ला की नजर भाभी की जमीन पर थी, जिसने भाई रहमान की मृत्यु से पूर्व अपने नाम वसीयत भी करा ली थी। इधर मोजिमा अपने बहनौता को प्रापर्टी देना चाहती थीं। कुछ दिनों से मोजिमा अपनी कुछ जमीन बिक्री करना चाहती थीं, जिससे नाराज होकर नसरूल्ला ने अपनी भाभी को रास्ते से हटाने का प्लान बना डाला। मंगलवार की देर रात को नसरूल्ला अपने साथियों के संग घर में घुसा और बांके से मोजिमा की गर्दन काट डाली। इससे पहले मोजिमा के पास लेटी रूबीना पत्नी हसमत को बांधकर दूसरे कमरे में डाल दिया। इस मामले में वादी रूबीना की तहरीर पर पुलिस ने नसरूल्ला, असलम, अशरफ, जफरुल्ला और हरिहर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसओ ने बताया कि हत्यारोपी नसरूल्ला और अशरफ को गिरफ्तार कर लिया गया है।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें