तीन दिन पूर्व लापता बालिका की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पाक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मंगलवार को पुलिस ने उसका चालान कर दिया।
बता दें कि कस्बे के पहाड़ी बाग मोहल्ला स्थित एक प्लाट में चार वर्षीय बच्ची का शव अर्धनग्न अवस्था में बरामद मिला था। शव कई दिन पुराना होने से दुर्गंध आ रही थी। बच्ची के गले में काली पॉलीथिन कसी थी। बाद में बच्ची की पहचान हुई तो पता चला कि वह तीन दिन से घर से गायब थी। 25 अप्रैल को वह बड़े भाई सुमित के साथ अपने चाचा सुशील विश्वकर्मा के घर आई थी, जहां शाम के समय वह मकान के बाहर खेलते-खेलते लापता हो गई थी। मृतका के पिता ने इस मामले में आशीष शुक्ला उर्फ बजरंगी पर हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी थी, जिस पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसओ रामअवतार यादव ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध दुराचार, हत्या के अलावा पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसका चालान किया गया है।