साथी को गांव में पीटने और अवैध हिरासत में रखने पर भड़के प्रधान
गोला में बैठक कर जताया रोष, फिर पूर्व विधायक के साथ एसपी से मिले, बताई आपबीती
पांच दिन पहले टेढ़ेनाथ मंदिर पर दो पक्षों में हुई जमकर मारपीट के मामले में शुक्रवार को उस समय नया मोड़ आ गया, जब गोला स्थित कुंभी ब्लाक के ग्राम प्रधान संघ की बैठक में सैदापुर के प्रधान जितेन्द्र वाजपेयी ने पुलिस उत्पीड़न की व्यथा बताई। उन्होंने कहा कि मोहम्मदी के प्रभारी कोतवाल आनंद शाही तमाम फोर्स लेकर उनके घर आ धमके और घसीटकर गांव में खींच ले गए। इतना ही नहीं न सिर्फ पीटा बल्कि दो दिनों तक अवैध रूप से हिरासत में रखा। इस पर सभी प्रधानों ने मोहम्मदी के प्रभारी कोतवाल की निंदा करते हुए प्रस्ताव पास कर डीएम और एसपी से पांच दिन में कोतवाल को हटाने की मांग की। इसके बाद पूर्व विधायक और भाजपा नेता अरविंद गिरि के साथ पीड़ित प्रधान जितेन्द्र वाजपेयी 20 से अधिक प्रधानों के साथ एसपी अखिलेश चौरसिया से मिले और घटना के बारे में जानकारी दी। साथ ही पत्र सौंपते हुए प्रभारी कोतवाल पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। इस पर एसपी ने मामले की जांच सीओ मोहम्मदी को सौंपी है।
गोला गोकर्णनाथ। ब्लाक सभागार में रामसिंह वर्मा की अध्यक्षता में हुई प्रधान संघ की बैठक में सैदापुर के प्रधान जितेंद्र कुमार ने बताया कि नौ मई को कोतवाली मोहम्मदी क्षेत्र में टेढ़ेनाथ मंदिर परिसर में कुर्सी पर बैठने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। प्रभारी कोतवाल आनंद शाही तमाम फोर्स लेकर आ गए और उन्हें (प्रधान जितेन्द्र) को घर से गांव में खींच लिया। इतना ही नहीं गालियां देते हुए न सिर्फ लात घूंसों से पीटा, बल्कि कोतवाली ले जाकर दो दिनों तक अवैध रूप से हिरासत में रखा। 12 मई को प्रभारी कोतवाल ने उन्हें धमकाते हुए छोड़ दिया। प्रधान ने आनंद शाही पर अन्य संगीन आरोप भी लगाए। इस पर प्रधानों ने विरोध कर निंदा प्रस्ताव पास किया। प्रधानों का कहना है कि पुलिस इसी तरह प्रधानों का उत्पीड़न करने पर तुली रही तो वे समाजसेवा नहीं कर पाएंगे।
प्रधान संघ ने पास किया ये प्रस्ताव
प्रधान संघ ने प्रस्ताव पास किया है कि डीएम और एसपी को ज्ञापन भेजकर पांच दिन में हटाने की मांग की जाएगी। मांग पूरी न होने पर संघ मोहम्मदी कोतवाली का घेराव करेगा। इस मौके पर जरनैल सिंह, रूबी देवी, सुनीता गुप्ता, जहरुलनिशा, शैलेष कुमार, अनुमोद वर्मा, मेजर सिंह बिट्टू, श्यामकिशोर, अनुराग मिश्र, जितेंद्र वाजपेयी, ऊषा देवी, ब्रजेंद्र कुमार, रामकुमार, जयचंत सहित तमाम प्रधान मौजूद रहे।
‘पेशबंदी में लामबंदी करा रहा प्रधान’
प्रभारी कोतवाल आनंद शाही का कहना है कि नौ मई को मैगलगंज थाना क्षेत्र के गांव नकारा से जलयात्रा लेकर ट्रैक्टर ट्रॉलियों से तमाम महिला-पुरुष टेढ़ेनाथ मंदिर पर आए थे। कुर्सी को लेकर प्रधान जितेन्द्र के गांव पीरपुर के लोगों ने श्रद्धालुओं से न सिर्फ विवाद कर दिया, बल्कि एक राय होकर महिलाओं और पुरुषों को जमकर पीटा, जिसमें कुछ महिलाएं भी घायल हो गईं थीं। कुलदीप की तहरीर पर प्रधान जितेन्द्र के भाई महेन्द्र समेत नौ लोगों को नामजद करते हुए 50 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। प्रधान के सभी आरोप बेबुनियाद हैं। वह लामबंदी कर रहे हैं।
प्रधान ने अपनी बात बताई है। मामले की जांच सीओ मोहम्मदी को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-अखिलेश चौरसिया, एसपी