- सुंदरवल पुलिस ने 21 पशु बरामद किए
पतरासी के पास कुछ मांस लेकर जा रही बाइक कुत्ते से टकरा गई। हादसे के बाद जब लोग मौके पर पहुंचे तो मांस देख लोग भड़क उठे। गुस्साए लोगों ने बाइक चालक समेत दोनों युवकों की जमकर पिटाई की और बाइक में आग लगा दी। सूचना पर पहुंची फूलबेहड़ पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी किसी तरह से ग्रामीणों के चंगुल से छूटकर भाग निकला। उधर, सुंदरवल पुलिस ने 21 पशुओं के साथ एक आरोपी को धर दबोचा।
सोमवार सुबह तेज रफ्तार एक बाइक से कोतवाली धौरहरा के गांव रामनगर लहबड़ी निवासी अब्दुल कलाम और सद्दाम लखीमपुर की ओर जा रहे थे। बताते हैं लखीमपुर-शारदानगर मार्ग स्थित पतरासी गांव के पास बाइक कुत्ते से टकरा गई। इससे कुत्ते की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दोनों युवक भी गिरकर चोटिल हो गए। मौके पर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। युवकों के पास मौजूद थैले में मांस के कई पैकेट देख लोग अवाक रह गए। गुस्साए लोगों ने दोनों की पिटाई शुरू कर दी। इस बीच किसी ने आरोपियों की बाइक में आग लगा दी। इससे अफरातफरी मच गई। एक आरोपी सद्दाम तो चकमा देकर मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने थैले से 30 किलोग्राम मांस बरामद कर अब्दुल कलाम को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर इंस्पेक्टर आरके सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर फरार सद्दाम की तलाश की जा रही है। उधर सुंदरवल चौकी पुलिस ने सोमवार को क्षेत्र के रमुवापुर जंगली गांव की नहर पट्टी से होकर ले जाए जा रहे 21 पशुओं को बरामद कर पीलीभीत जिले की कोतवाली पूरनपुर क्षेत्र के कंजा गांव निवासी अली खां को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके चार अन्य साथी भाग निकले। चौकी प्रभारी अवधेश सिंह यादव ने बताया कि पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी का पुलिस ने चालान कर दिया है।