बाजार से भैंसा बेचकर वापस घर जा रहे एक व्यक्ति से नकाबपोश बदमाशों ने रविवार को देर शाम 23 हजार रुपये लूट लिए। लूटपाट का शिकार हुए व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी है।
निघासन कोतवाली के चईनपुरवा मजरा तेलियार का रहने वाला मेवालाल रविवार को ढखेरवा के पशु बाजार में अपना भैंसा बेचने आया था। उसके साथ गांव का बंशीलाल भी था। दोपहर बाद मेवालाल ने 23500 का भैंसा बेच दिया और बाजार में खरीदारी आदि करने के बाद शाम लगभग चार बजे वापस घर के लिए पैदल निकला, इस दौरान बंशीलाल भी साथ था। मेवालाल और बंशीलाल जब गांव मदनशाह पुरवा और रघुनाथपुर के बीच पहुंचे। तभी वहां पीछे से आए मोटर साइकिल सवार तीन नकाबपोश लोगों ने उन्हें रोक लिया। मारपीट करते हुए 23 हजार रुपये छीन लिए और तमंचा लहराते हुए बाइक से फरार हो गए। पीड़ित ने पढ़ुआ पुलिस चौकी पर जाकर शिकायत की। जहां ढखेरवा चौकी के अंतर्गत घटना होना बताकर ढखेरवा भेजा गया। जहां उसने तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।