गांव ढखेरवा नानकार में दो दिन पहले खेत से लापता युवक के मामले में पुलिस ने युवक के भाई की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव ढखेरवा नानकार निवासी रामगोपाल का भाई भाई मुन्ना (22) शुक्रवार को टपरा गांव के पास स्थित खेत से शाम करीब छह बजे चारा लेने गया था। आरोप है कि इसी गांव के पांच लोगों ने उसे अगवा कर लिया। शनिवार को गन्ने के खेत में उसके चप्पल, कपड़े और कुछ रुपये मिले थे। यह सामान मिलने के बाद ढखेरवा गांव के लोग लामबंद होने लगे। गांव वालों को लामबंद देखकर एसओ अनिल कुमार शाही ने सिंगाही, तिकुनियां, धौरहरा आदि थानों की पुलिस बुला ली और घरवालों को शांत कराया। परिवार वालों ने मुन्ना के अपहरण के बाद हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाकर एसओ से शिकायत की। एसओ ने रामगोपाल की तहरीर टपरा निवासी विश्वनाथ, दरोगा चौहान, सुंदर लाल, रामप्रवेश और बृजेंद्र के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई।
एसओ ने बताया कि टपरा की एक युवती को मुन्ना भगा ले गया था। आठ दिन बाद प्रेमी युगल बरामद कर दोनों पक्षों में सुलह कराया गया था। उसके बाद मुन्ना के परिवार वालों ने उसको अपनी रिश्तेदारी में भेज दिया था। शुक्रवार को वह गांव लौटा था। इसी बीच युवती की शादी उसके परिवार वालों ने कर दी। वह भी ससुराल से एक सप्ताह पहले घर आई थी। नामजद आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।