शहीद दरोगा के परिवार वालों की मांग न माने जाने पर लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को उद्योग व्यापार मंडल श्याम बिहारी गुट ने समर्थन दिया। इसके अलावा अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के पदाधिकारियों संग इंजीनियर मनोज गुप्ता की मां किरनबाला गुप्ता भी अनशनस्थल पर पहुंचीं।
स्वर्गीय मनोज मिश्रा संघर्ष मोर्चा के संयोजक आचार्य संजय मिश्र की अगुआई में 14 अक्तूबर से दरोगा के परिवार वाले गांव हरदासपुर में अनशन पर बैठे हैं। उनकी मांग है कि मामले की सीबीआई जांच हो, 50 लाख का मुआवजा दिया जाए, दो आश्रितों को नौकरी और शहीद का दर्जा मिले, लेकिन अब तक मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से मुलाकात में सिर्फ शहीद के परिवार वालों की मदद करने का ही आश्वासन दिया है। इधर 20वें दिन अनशन पर उद्योग व्यापार मंडल श्यामबिहारी गुट के लोग बैठे। यहां जिलाध्यक्ष राकेश मिश्रा, महामंत्री संजय गुप्ता, उमेश, राकेश मोहन गुप्ता, रामजी वर्मा, रोहित गुप्ता, रमाकांत, सेवक सिंह अजमानी, अशोक तोलानी सहित तमाम लोग समर्थन देकर अनशन पर बैठे। उधर बसपा सरकार में औरैया में की गई इंजीनियर मनोज गुप्ता की हत्या से व्यवथित उनकी मां शशिबाला गुप्ता भी सोमवार को हरदासपुर पहुंचीं और परिवार वालों से अपना दुख साझा किया।
सांसद जुगुल के साथ दिल्ली में राजनाथ से मिले भाजपाई
दरोगा मनोज मिश्रा हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने के लिए राज्यसभा सदस्य जुगुल किशोर के साथ भाजपा नेता उमाशंकर मिश्रा गृहमंत्री राजनाथ सिंह से दिल्ली में मिले। दरोगा मनोज के पिता की ओर से एक मांग पत्र भी उन्हें सौंपा। सांसद ने दरोगा को शहीद का दर्जा दिए जाने की भी मांग की।